जयपुर आईपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबले में आज राजस्थान रॉयल्स (RR) का सामना पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से होगा। इस मैच में सबकी नजरें राजस्थान के ‘वंडर किड’ वैभव सूर्यवंशी पर टिकी हैं। महज 15 साल की उम्र में अपनी बल्लेबाजी से दुनिया को हैरान करने वाले वैभव आज सीएसके के अनुभवी गेंदबाजी आक्रमण की कड़ी परीक्षा ले सकते हैं।
पिछले सीजन में 14 साल की उम्र में डेब्यू करने वाले वैभव ने 206 के स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाकर अपनी काबिलियत साबित की थी। पावरप्ले के ओवरों में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी चेन्नई के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द साबित हो सकती है।
वैभव सूर्यवंशी: 15 साल की उम्र में 15 ‘महारिकॉर्ड’
वैभव के नाम क्रिकेट के गलियारों में ऐसे कीर्तिमान दर्ज हैं, जो दिग्गज खिलाड़ियों के लिए भी सपना होते हैं:
- सबसे युवा आईपीएल खिलाड़ी: 14 साल 23 दिन की उम्र में आईपीएल खेलने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी।
- डेब्यू गेंद पर छक्का: अपने आईपीएल करियर की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर इतिहास रचा।
- सबसे युवा शतकवीर: मात्र 14 साल 32 दिन की उम्र में गुजरात टाइटंस के खिलाफ शतक जमाया।
- भारत का सबसे तेज आईपीएल शतक: केवल 35 गेंदों में शतक जड़कर भारत की ओर से सबसे तेज आईपीएल सेंचुरी का रिकॉर्ड।
- आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक: क्रिस गेल (30 गेंद) के बाद 35 गेंदों के साथ दूसरे स्थान पर।
- एक पारी में सर्वाधिक छक्के: आईपीएल की एक पारी में 11 छक्के लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज।
- U19 वर्ल्ड कप फाइनल का हीरो: 2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 175 रनों की ऐतिहासिक पारी।
- U19 वर्ल्ड कप फाइनल का सबसे तेज शतक: फाइनल मुकाबले में केवल 80 गेंदों पर शतक ठोकने का रिकॉर्ड।
- यूथ वनडे में छक्कों की बारिश: अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल की एक पारी में रिकॉर्ड 15 छक्के लगाए।
- यूथ वनडे का सबसे तेज अर्धशतक: 2026 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मात्र 15 गेंदों में फिफ्टी।
- यूथ वनडे का सबसे तेज शतक: इंग्लैंड दौरे पर महज 52 गेंदों में शतकीय पारी।
- यूथ टेस्ट रिकॉर्ड: ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ केवल 58 गेंदों में सबसे तेज यूथ टेस्ट शतक।
- विजय हजारे ट्रॉफी में कमाल: अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 14 साल 272 दिन की उम्र में शतक जड़ा।
- एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड तोड़ा: लिस्ट-ए क्रिकेट में मात्र 59 गेंदों में 150 रन बनाकर डिविलियर्स (64 गेंद) का रिकॉर्ड ध्वस्त किया।
- सबसे युवा लिस्ट-ए डेब्यू: 13 साल 269 दिन की उम्र में डेब्यू करने वाले सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी।