25 हजार का इनामी निखिल चौधरी एनकाउंटर में घायल, अंकित हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Vin News Network
Vin News Network
4 Min Read
कुंदरकी के चर्चित अंकित हत्याकांड का मुख्य आरोपी निखिल चौधरी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली।

कुंदरकी के चर्चित अंकित हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या के मुख्य आरोपी और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश निखिल चौधरी को पुलिस ने सोमवार देर शाम मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गौरतलब है कि कुंदरकी थाना क्षेत्र के खिताबपुर उर्फ खनूपुरा गांव में रविवार सुबह हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया था। मुकदमेबाजी की पुरानी रंजिश को लेकर हुए खूनी हमले में मजदूर अंकित की गर्दन में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि गांव के ही आशीष चौधरी को भी गोली मारी गई थी। आशीष के सिर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसका इलाज अभी जारी है।

इस हत्याकांड के बाद मृतक अंकित के भाई मोनू कुमार ने गांव के ही निखिल चौधरी, उसके भाई विशाल चौधरी और चाचा रामवीर सिंह के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की थीं। मुख्य आरोपी निखिल चौधरी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

पुलिस के मुताबिक सोमवार देर शाम सूचना मिली कि निखिल चौधरी बाइक से हाथीपुर-चिड़ियाठेर संपर्क मार्ग की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख निखिल ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान एक गोली निखिल के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध हथियार भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल वारदात में किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि निखिल चौधरी अंकित हत्याकांड का मुख्य आरोपी है और उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि आरोपी पर घोषित 25 हजार रुपये के इनाम के साथ कई गंभीर आरोप दर्ज हैं। उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।

उधर, गांव में हुई गोलीबारी और हत्या की घटना के बाद तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस प्रशासन लगातार सतर्क बना हुआ है। दूसरे दिन भी गांव में भारी पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।

वहीं, अंकित की हत्या से उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन अभी भी सदमे से बाहर नहीं निकल पाए हैं। रिश्तेदार और ग्रामीण लगातार परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं। घटना के बाद गांव की कई गलियों में सन्नाटा पसरा हुआ दिखाई दिया, जबकि ग्रामीणों के बीच अब भी भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही शेष आरोपियों को भी कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *