भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया और फिर गेंदबाजी में इंग्लैंड को रोक दिया। इस ऐतिहासिक जीत के पीछे 5 खिलाड़ियों का अहम योगदान रहा।
- जसप्रीत बुमराह — दबाव में सबसे बेहतर
इंग्लैंड 15 ओवर में 5 विकेट पर 185 रन बना चुका था और जीत की दहलीज पर खड़ा था। तभी कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बुमराह को गेंद थमाई। बुमराह ने पहले ओवर में सिर्फ 8 रन दिए और फिर आखिरी ओवरों में महज 6 रन देकर मैच भारत की झोली में डाल दिया। इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने एक ही ओवर में सईम अयूब और कप्तान सलमान अली आगा को पवेलियन भेजा था। बुमराह अब तक 7 मैचों में 10 विकेट ले चुके हैं। - संजू सैमसन — लगातार दो मैच विनिंग पारियां
सेमीफाइनल में 20 रन पर पहला विकेट गिरने के बाद सैमसन ने 42 गेंद पर 89 रन की धमाकेदार पारी खेली और ईशान किशन के साथ 45 गेंद में 97 रन की साझेदारी कर भारत को मजबूत स्कोर दिलाया। इससे पहले 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ करो या मरो मैच में उन्होंने 50 गेंद पर नाबाद 97 रन बनाए थे। वे लगातार दोनों अहम मुकाबलों में Player of the Match रहे। - हार्दिक पंड्या — बल्ले और गेंद दोनों से कमाल
इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में हार्दिक ने 12 गेंदों पर 225 के स्ट्राइक रेट से 27 रन बनाकर भारत का स्कोर 250 के पार पहुंचाया। गेंदबाजी में पहली ही गेंद पर फिल सॉल्ट को आउट किया और 19वें ओवर में सिर्फ 9 रन देकर इंग्लैंड का पीछा करना मुश्किल कर दिया। टूर्नामेंट में अब तक 8 मैचों में 199 रन और 8 विकेट हार्दिक का ऑलराउंड प्रदर्शन टीम की रीढ़ बना हुआ है। - ईशान किशन — टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर
पाकिस्तान के खिलाफ जब अभिषेक शर्मा शून्य पर आउट हो गए, तब ईशान ने तिलक वर्मा के साथ 88 रन की साझेदारी कर टीम को संकट से उबारा और 77 रन की पारी खेली। नामीबिया के खिलाफ भी उन्होंने 61 रन बनाए थे। मौजूदा टूर्नामेंट में ईशान भारत के टॉप स्कोरर हैं 8 मैचों में 189.20 के स्ट्राइक रेट से 263 रन, जिनमें 2 अर्धशतक शामिल हैं। - वरुण चक्रवर्ती — भारत के टॉप विकेट टेकर
वरुण चक्रवर्ती इस टूर्नामेंट में भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। 8 मैचों में उन्होंने 13 विकेट झटके हैं। नामीबिया और नीदरलैंड के खिलाफ 3-3 विकेट और पाकिस्तान के खिलाफ 2 विकेट लेकर उन्होंने टीम को ग्रुप स्टेज में दबदबा बनाने में मदद की। हालांकि पिछले 4 मैचों में वे पहले जैसा प्रभाव नहीं छोड़ पाए और सिर्फ 4 विकेट ले सके।
भारत की नजरें अब वर्ल्ड कप ट्रॉफी पर
वानखेड़े की इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। सैमसन का बल्ला, बुमराह की सटीक गेंदबाजी, हार्दिक का ऑलराउंड जलवा, ईशान की आक्रामक बल्लेबाजी और वरुण के घातक स्पिन
इन पांचों हीरो ने मिलकर टीम इंडिया को यहां तक पहुंचाया है। अब पूरे देश की निगाहें फाइनल पर टिकी हैं और करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि यह टीम वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाकर इतिहास रचेगी। भारतीय टीम का जज्बा, जुनून और टीमवर्क साफ बता रहा है कि इस बार का सफर सिर्फ फाइनल तक नहीं, बल्कि चैंपियन बनने तक जाएगा।