मंडी जिले में दर्दनाक बस हादसा, एचआरटीसी की बस खाई में गिरी; 5 लोगों की मौत, 15 से अधिक घायल

"पहाड़ों में फिर गूंजा दर्द का शोर – मंडी में बस हादसे ने छीनी 5 जानें"

Vin News Network
Vin News Network
2 Min Read
राज्य सरकार ने हादसे पर जताया शोक, मुआवजा देने का ऐलान
Highlights
  • मंडी जिले के सरकाघाट में एचआरटीसी की बस खाई में गिरी
  • हादसे में 5 लोगों की मौत – तीन महिलाएं, एक किशोर और एक पुरुष
  • 15 से अधिक यात्री घायल, कुछ की हालत गंभीर

मंडी (हिमाचल प्रदेश)। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में वीरवार सुबह एक भयावह बस हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। सरकाघाट उपमंडल के अंतर्गत आने वाले मसेरन क्षेत्र में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक किशोर सहित 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय प्रशासन के अनुसार, घटना सुबह के समय हुई जब बस रोज़ाना की तरह अपनी तय रूट पर थी। बताया जा रहा है कि बस अचानक मोड़ पर संतुलन खो बैठी और कई मीटर गहरी खाई में जा समाई। मौके पर चीख-पुकार मच गई, और ग्रामीण तुरंत बचाव कार्य में जुट गए।

मृतकों में महिलाएं और किशोर भी शामिल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों में तीन महिलाएं, एक किशोर और एक पुरुष शामिल हैं। घायलों को पहले सरकाघाट के अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए मंडी और शिमला रैफर किया गया है।

प्रशासन और पुलिस मौके पर, बचाव कार्य पूरा
हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्रेन और रस्सियों की मदद से यात्रियों को खाई से बाहर निकाला गया। डीसी मंडी और एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

परिवारों में मातम, सरकार ने जताया दुख
हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन की ओर से मृतकों के परिवारों को संवेदनाएं व्यक्त की गई हैं। राज्य सरकार की ओर से मुआवजा देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दोषियों की जांच की जाएगी और पीड़ितों को हर संभव सहायता दी जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *