उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी और लू के बीच लोगों को राहत देने के लिए राज्य सरकार बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में पूरी तरह सक्रिय है। मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर ऊर्जा विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि शहरों और गांवों में तय समय के अनुसार बिजली मिलती रहे और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसी क्रम में ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेशभर की बिजली व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न डिस्कॉम के अधिकारियों से बिजली आपूर्ति, ट्रिपिंग, ट्रांसफार्मर की स्थिति और शिकायतों के निस्तारण को लेकर जानकारी ली गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गर्मी के इस मौसम में बिजली व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक के दौरान कई जिलों के मुख्य अभियंताओं से बिजली आपूर्ति की स्थिति पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 18 घंटे और शहरी इलाकों में 24 घंटे बिजली देने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए सब स्टेशनों पर रात में भी ड्यूटी लगाई गई है और वरिष्ठ अधिकारी देर रात तक मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
ऊर्जा विभाग ने उन इलाकों को चिन्हित करने के निर्देश भी दिए जहां रात के समय अचानक बिजली का लोड बढ़ जाता है। ऐसे क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और बिजली चोरी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया है। अधिकारियों का कहना है कि इससे कई जगहों पर फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्या में कमी आई है।
साथ ही ट्रांसफार्मर, लाइनों और सब स्टेशनों की नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी खराबी को समय रहते ठीक किया जा सके। हेल्पलाइन नंबर 1912 पर आने वाली शिकायतों के त्वरित समाधान और नए बिजली कनेक्शन से जुड़े आवेदनों का जल्द निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया।
ऊर्जा विभाग ने स्पष्ट किया है कि गर्मी के मौसम में अनावश्यक शटडाउन से बचा जाए और यदि कहीं तार टूटने, ट्रांसफार्मर खराब होने या ट्रिपिंग जैसी समस्या सामने आती है तो उसे तुरंत ठीक किया जाए। अधिकारियों को आम लोगों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया से बेहतर संवाद बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि उपभोक्ताओं तक सही जानकारी समय पर पहुंच सके।
बैठक में यह भी कहा गया कि बिजली आपूर्ति में बाधा आने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विभाग का फोकस इस समय गर्मी के दौरान प्रदेशभर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर है, जिससे लोगों को राहत मिल सके।