नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के मायनागुड़ी इलाके से एक ऐसी भयावह घटना सामने आई है जिसने पूरे राज्य को हिला कर रख दिया। इलाके के रहने वाले रमेश राय नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी दीपाली राय की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को टुकड़ों में काटा और यहां तक कि दिल समेत कई अंगों को एक थैले में भरकर गांव में घूमता रहा।
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी न सिर्फ थैला लेकर घूम रहा था, बल्कि उसने कई लोगों को थैला खोलकर पत्नी का दिल और अन्य अंग भी दिखाए। यह दृश्य इतना भयावह था कि लोग सन्न रह गए और तुरंत इसकी सूचना पंचायत को दी।
पंचायत से पुलिस तक पहुंची सूचना
गांव के लोगों ने घटना की जानकारी पंचायत प्रमुख को दी। इसके बाद ग्राम पंचायत प्रमुख नीलिमा राय ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। नीलिमा राय ने कहा – “जब मुझे पता चला कि एक व्यक्ति थैले में शरीर के अंग लेकर घूम रहा है तो मैंने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। यह दृश्य किसी डरावनी फिल्म से कम नहीं था।”
खून से लथपथ घर का बिस्तर
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी का घर खून से सना हुआ मिला। बिस्तर पूरी तरह लहूलुहान था। पुलिस को वहां से खून से लथपथ कपड़े और धारदार हथियार भी मिले। अनुमान लगाया जा रहा है कि रमेश ने सुबह ही पत्नी की हत्या की और फिर शव को टुकड़ों में काटा।
शव बरामद, आरोपी फरार
पुलिस ने गांव में तलाश करते हुए शव के बाकी हिस्सों को बरामद किया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए जलपाईगुड़ी सरकारी कॉलेज अस्पताल भेजा। फिलहाल आरोपी रमेश राय फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी हैं।
मायनागुड़ी थाने के प्रभारी सुबल चंद्र घोष ने बताया – “हत्या के बाद आरोपी कुछ देर तक शव के टुकड़े लेकर इलाके में घूमता रहा। पुलिस ने शव बरामद कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है।”
ग्रामीणों में दहशत
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। लोग कह रहे हैं कि उन्होंने ऐसा दृश्य कभी नहीं देखा। एक स्थानीय निवासी ने कहा – “वह खुद आकर थैला खोलता और दिल व शरीर के अंग दिखाता। बच्चे और महिलाएं डर से रोने लगे।”
मानसिक स्थिति पर सवाल
पुलिस अब आरोपी की मानसिक स्थिति की भी जांच कर रही है। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी रमेश बीते कुछ महीनों से अजीब हरकतें कर रहा था। वह अक्सर पड़ोसियों से उलझता और पत्नी से झगड़ा करता।
हत्या का कारण अब तक स्पष्ट नहीं
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस का मानना है कि पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद रहा होगा, लेकिन इतनी क्रूरता से हत्या करना सामान्य नहीं है।
कानूनी कार्रवाई
जलपाईगुड़ी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम बना दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी जल्द ही गिरफ्त में होगा।