उत्तर प्रदेश में 69,000 करोड़ रुपए का निवेश करेंगी देश की दिग्गज कंपनियां

प्रदेश सरकार ने बलरामपुर चीनी मिल्स के साथ लखीमपुर खीरी के कुंभी चीनी मिल में 2850 करोड़ रुपए से 250 टीपीडी (टन प्रति दिन) क्षमता का पॉलीलैक्टिक एसिड (पीएलए) प्लांट स्थापित करने के लिए एमओयू किया।

Vin News Network
Vin News Network
3 Min Read
उत्तर प्रदेश में 69,000 करोड़ रुपए का निवेश करेंगी देश की दिग्गज कंपनियां

लखनऊ: देश की दिग्गज कंपनियां प्रदेश में 69 हजार करोड़ रुपए का निवेश करेंगी। इसके लिए इन्वेस्ट यूपी की ओर से मुंबई के जिओ वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित उच्चस्तरीय निवेशक राउंड टेबल बैठक में एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और संचालन इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरन आनंद ने किया। निवेशकों ने डाटा सेंटर, सौर ऊर्जा, सीमेंट और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में बड़े निवेश का ऑफर दिया।

मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत का सबसे आकर्षक निवेश गंतव्य बनकर उभरा है। हम प्रगतिशील उद्यमों का स्वागत करते हैं। हीरानंदानी समूह के अध्यक्ष डॉ. निरंजन हीरानंदानी ने कहा कि यूपी में 30 मेगावाट क्षमता का डाटा सेंटर 18 महीनों में बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने इस सेंटर की क्षमता दोगुनी करने की घोषणा की। साथ ही 28, 440 करोड़ की चिप निर्माण परियोजना (टार्क सेमीकंडक्टर्स नोएडा) की जानकारी दी।

अवाडा ग्रुप की उपाध्यक्ष सिंदूर मित्तल ने सोलर मॉड्यूलर निर्माण इकाई के क्षेत्र में 20,000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश की घोषणा की। अल्ट्राटेक सीमेंट के प्रबंध निदेशक केसी झंवर ने बताया कि अलीगढ़, बारा, डाला, दादरी, टांडा, सिकंदराबाद और लखनऊ में विस्तार के बाद अब अलीगढ़, शाहजहांपुर व टांडा में और 1,981 करोड़ का निवेश करेंगे। टाटा पॉवर रिन्यूएबल एनर्जी के सीईओ व एमडी संजय बंगा ने 13,700 करोड़ के निवेश से प्रदेश में 800 मेगावाट के दो अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल पॉवर यूनिट लगाने की घोषणा की।

यूपीडीएफ के अध्यक्ष पंकज जायसवाल ने लखनऊ में निवेशक सम्मेलन और दुबई में रोड शो कराने का प्रस्ताव रखा। ईएन कम्युनिकेशन के राजीव रंजन सिंह ने यीडा में 1500 करोड़ रुपये के निवेश से महाभारत संग्रहालय बनाने का प्रस्ताव रखा। रिमेंस डीएसपी इंफ्रा ने लखनऊ में 5 करोड़ से कोल्ड इमल्शन आधारित रोड पैच मिक्स प्लांट और लॉर्ड्स ग्रुप ने 1500 करोड़ रुपये से सोलर पैनल बनाने की फैक्ट्री लगाने की घोषणा की। इसके अलावा डायसिस इंडिया ने 10 करोड़ रुपये से अपने प्लांट की क्षमता दोगुनी करने की बात कही । वहीं कृष्णानंद समूह लखनऊ और नोएडा में 25 करोड़ से रेडी मिक्स प्लास्टर प्लांट लगाएगा।

बलरामपुर चीनी मिल्स 2850 करोड़ रुपए से लगाएगी पॉलीलैक्टिक एसिड प्लांट
प्रदेश सरकार ने बलरामपुर चीनी मिल्स के साथ लखीमपुर खीरी के कुंभी चीनी मिल में 2850 करोड़ रुपए से 250 टीपीडी (टन प्रति दिन) क्षमता का पॉलीलैक्टिक एसिड (पीएलए) प्लांट स्थापित करने के लिए एमओयू किया। इससे 225 लोगों को रोजगार मिलेगा। ये समझौता इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद और बलरामपुर चीनी मिल्स की कार्यकारी निदेशक अवंतिका सरोगी के बीच हुआ।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *