पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक जीत मिलने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह बन गया है कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। भाजपा ने 293 सीटों में से 207 सीटों पर जीत दर्ज कर पूर्ण बहुमत हासिल किया है। इसी बीच कोलकाता में भाजपा विधायक दल की बैठक होने जा रही है, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। इस बैठक के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पर्यवेक्षक बनाया गया है, जबकि बिप्लव कुमार देव सह-पर्यवेक्षक की भूमिका निभा रहे हैं।
अमित शाह के कोलकाता पहुंचते ही राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई। एयरपोर्ट पर भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य और दिलीप घोष समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। इस दौरान अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी की पीठ थपथपाकर उन्हें बधाई दी, जिसे राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि भाजपा नेतृत्व मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शुभेंदु अधिकारी को आगे बढ़ा सकता है।
इसके अलावा अमित शाह एयरपोर्ट से शुभेंदु अधिकारी के साथ एक ही गाड़ी में रवाना हुए। इस घटनाक्रम ने मुख्यमंत्री पद को लेकर अटकलों को और मजबूत कर दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा नेतृत्व ने पश्चिम बंगाल में अपने सबसे मजबूत चेहरे के रूप में शुभेंदु अधिकारी पर भरोसा जताया है। हालांकि अंतिम फैसला विधायक दल की बैठक में ही होगा।
भाजपा विधायक दल की बैठक में सदन के नेता का चुनाव किया जाएगा और उसी के आधार पर मुख्यमंत्री के नाम का आधिकारिक ऐलान होगा। भाजपा पहली बार पश्चिम बंगाल में सरकार बनाने जा रही है, इसलिए पार्टी के वरिष्ठ केंद्रीय नेता पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। पार्टी का फोकस अब नई सरकार के गठन और विकास एजेंडे को आगे बढ़ाने पर है।
इधर, पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद राज्यपाल ने 17वीं विधानसभा को भंग करने का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। वहीं निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अभी भी अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर खुद को मुख्यमंत्री बता रही हैं। विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी और उनकी पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। ममता बनर्जी अपनी भवानीपुर सीट भी नहीं बचा सकीं, लेकिन चुनाव नतीजों के बाद उन्होंने इस्तीफा देने से इनकार कर दिया था।
भाजपा ने इस चुनाव में अपनी पुरानी 77 सीटों को बरकरार रखते हुए 130 नई सीटें अपने खाते में जोड़ी हैं। अब पूरे देश की नजर भाजपा विधायक दल की बैठक पर टिकी हुई है, जहां पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के नाम से पर्दा उठ सकता है।