उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, कई जिलों में लू का अलर्ट

Vin News Network
Vin News Network
2 Min Read
UP में भीषण गर्मी का कहर

उत्तर प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला और लोग घरों में ही रहने को मजबूर रहे।

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान प्रयागराज में दर्ज किया गया, जहां पारा 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा बांदा में 44.3 डिग्री और हमीरपुर में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। लखनऊ में भी तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, 26 अप्रैल के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं। इसके चलते तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है और लोगों को लू से कुछ राहत मिल सकती है।

फिलहाल शनिवार के लिए 45 जिलों में लू की चेतावनी जारी की गई है, जबकि पश्चिमी यूपी के 21 जिलों में गर्म रात की संभावना जताई गई है। प्रयागराज, वाराणसी, आगरा, मेरठ, अलीगढ़, कानपुर, लखनऊ और अन्य कई जिलों में भीषण गर्मी का असर सबसे अधिक देखने को मिल रहा है।

मौसम विभाग ने लोगों को दिन के समय विशेष सावधानी बरतने, धूप में कम निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है। वहीं, स्कूलों में बच्चों को गर्मी और लू से बचाने के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं, जिनमें आउटडोर गतिविधियों पर रोक, पेयजल और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था अनिवार्य की गई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *