कानपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही पति की हत्या अपने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी। मृतक की पहचान आशीष शर्मा के रूप में हुई है, जो हमीरपुर कोतवाली का गैंगस्टर था और चर्चित सिटी फॉरेस्ट कांड का मुख्य आरोपी भी रह चुका था। पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश उसकी पत्नी आरती शर्मा ने अपने प्रेमी सबलू खान के साथ मिलकर रची थी।
घटना के बाद आरोपी पत्नी ने शक से बचने के लिए रात में ही अपने प्रेमी के साथ हमीरपुर के लिए रवाना हो गई और रास्ते में झाड़ियों में छिपकर कपड़े भी बदल लिए। हालांकि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चकेरी से हमीरपुर तक करीब 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके बाद इस पूरे हत्याकांड का खुलासा हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया कि आशीष शर्मा पीएसी मोड़ के पास किराए के मकान में अकेला रहता था, जबकि उसकी पत्नी और बच्चे गांव में रहते थे। 2 अप्रैल को जब पड़ोसी ने कमरे में झांककर देखा तो आशीष का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसमें गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई।
पूछताछ के दौरान आरती शर्मा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसका अपने पड़ोसी सबलू खान से प्रेम संबंध था, जिसकी जानकारी उसके पति को हो गई थी। साथ ही वह पति की रोजाना शराब पीकर मारपीट और गाली-गलौज से परेशान थी। इसी वजह से उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर करीब 15 दिन पहले हत्या की साजिश रची और मौके पाकर गला दबाकर पति की हत्या कर दी।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी अब भी फरार है और उसकी तलाश जारी है।