5 साल की मासूम की हत्या के ‘हैप्पी बर्थडे हिमांशी’ लिखकर फ्रिज में रखा बेटी का शव, फिर पिता ने दी जान

Vin News Network
Vin News Network
4 Min Read
राजुला में दिल दहला देने वाली वारदात,बेटी की हत्या के बाद पिता ने लगाई फांसी

विन न्यूज़ नेटवर्क। गुजरात के अमरेली में एक ऐसा दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। और पुलिस को भी चौंका दिया। यहां 40 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी 5 साल की बेटी की हत्या कर उसका शव रेफ्रिजरेटर में रख दिया और बाद में खुदकुशी कर ली।

यह खौफनाक वारदात गुब्बारों और मोमबत्तियों से सजे एक कमरे में हुई। पुलिस के मुताबिक, पिता ने बच्ची के शव को रेफ्रिजरेटर में रखा था। मौके से तीन सुसाइड नोट भी बरामद हुए हैं, जिनमें आर्थिक परेशानियों और बेटी की मौत से जुड़ी बातें लिखी मिली हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घर में बेटी के साथ अकेला था पिता

राजुला की डीएसपी नयना गोरडिया के अनुसार, किशोर धनक निर्माण स्थल पर सुपरवाइजर के तौर पर काम करता था। बुधवार को वह अपनी बेटी हिमांशी के साथ घर पर मौजूद था। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि किशोर ने कथित तौर पर बच्ची का मुंह दबाकर उसकी जान ले ली। इसके बाद शव को घर में रखे रेफ्रिजरेटर में रखकर खुद फांसी लगा ली।

सुसाइड नोट में आर्थिक परेशानी का जिक्र

पुलिस को घटनास्थल से तीन नोट मिले हैं। एक नोट में किशोर ने कथित तौर पर पर्सनल लोन लेने और उस रकम को निर्माण कार्य में लगाने की बात कही है। नोट के मुताबिक, उसे करीब 7.25 लाख रुपये मिलने थे, लेकिन कारोबारी सहयोगियों से रकम नहीं मिल सकी। आर्थिक संकट के कारण वह खुद को बेहद परेशान बता रहा था।

एक अन्य नोट में उसने बेटी को मारने की वजह बताते हुए लिखा कि वह अपनी मौत के बाद बच्ची को किसी तरह की परेशानी में नहीं देखना चाहता था। तीसरे नोट में उसने माफी मांगते हुए बच्ची के शव को फ्रिज में रखे होने की जानकारी दी।

ऐसे सामने आया पूरा मामला

किशोर की पत्नी मंजू बेन 14 सितंबर को अपने मायके गई थीं। बुधवार को जब उन्होंने पति से संपर्क करने की कोशिश की तो फोन का जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने अपने भाई को घर भेजकर जानकारी लेने को कहा, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। बाद में मंजू बेन खुद घर पहुंचीं और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुईं। वहां किशोर का शव फंदे से लटका मिला।

कमरे में दिखा अजीब माहौल

पुलिस निरीक्षक पीएल चौधरी ने बताया कि कमरे की स्थिति सामान्य नहीं थी। वहां गुब्बारों और मोमबत्तियों से सजावट की गई थी। बच्ची को सफेद कपड़े पहनाए गए थे और उसके सिर पर दुपट्टा रखा गया था। रेफ्रिजरेटर में तकिये भी रखे मिले। बच्ची के होंठों पर तुलसी के पत्ते रखे होने की बात भी पुलिस ने बताई है।

फ्रिज पर लिखा था ‘हैप्पी बर्थडे हिमांशी’

जांच के दौरान पुलिस को रेफ्रिजरेटर पर एक कागज मिला, जिस पर ‘हैप्पी बर्थडे हिमांशी’ लिखा था। पुलिस के अनुसार, बच्ची का जन्मदिन नहीं था। कमरे में मूर्तियों की पूजा के साथ चॉकलेट और सजावट का सामान भी रखा गया था। पुलिस का मानना है कि पिता ने मौत से पहले बेटी के लिए एक अंतिम आयोजन जैसा माहौल तैयार किया था।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। फिलहाल घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *