जयपुर। आईपीएल-18 का 69वां मुकाबला सोमवार को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा। मैच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम पर शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। दोनों टीमें प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं। 13 लीग मैचों के बाद पंजाब के पास 17 अंक और मुंबई के पास 16 अंक हैं। इस मैच की विजेता टीम टॉप-2 में रहेगी, जबकि हारने वाली टीम टॉप-2 की रेस से बाहर हो जाएगी। दोनों टीमें सीजन में पहली बार एक-दूसरे के खिलाफ खेल रही हैं। मौजूदा सीजन में जयपुर में अब तक खेले गए छह मैचों में चार बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 200 का आंकड़ा पार किया है। इस मैदान पर औसतन 165 रन बनते हैं, लेकिन इस सीज़न औसत स्कोर 201 रन का रहा है। IPL में मुंबई और पंजाब के बीच अब तक कुल 32 मैच खेले गए हैं। 15 में PBKS और 17 में MI को जीत मिली। वहीं, इस मैदान पर दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी।
पंजाब की ओर से श्रेयस अय्यर ने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। अय्यर ने पिछले मैच में दिल्ली के खिलाफ में 53 रनों की कमाल की पारी खेली थी। प्रभसिमरन सिंह दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 13 मैचों में 486 रन बनाए हैं। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह 13 मैचों में 16 विकेट लिए हैं।
पिच रिपोर्ट
सवाई मानसिंह स्टेडियम की पिच से तेज गेंदबाजों को शुरुआत में मदद मिलती है। हालांकि, जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, बल्लेबाजों को खेलने में आसानी होती है। मैदान आमतौर पर हाई स्कोरिंग मुकाबले के लिए जाना जाता है।
यहां अब तक IPL के 63 मैच खेले गए हैं। 23 मैचों में पहली इनिंग में बैटिंग करने वाली टीम और 40 में चेज करने वाली टीम को जीत मिली। यहां का हाईएस्ट टीम स्कोर 219/5 है, जो पंजाब किंग्स ने इसी सीजन राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बनाया था।
वेदर कंडीशन
जयपुर में सोमवार को गर्मी रहेगी। पूरे दिन तेज धूप रहेगी। बारिश की बिल्कुल भी संभावना नहीं है। तापमान 30 से 39 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
दोनों टीमों की पॉसिबल प्लेइंग 11
पंजाब किंग्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेट कीपर), शशांक सिंह, नेहल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को जेनसन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, हरप्रीत बरार।
मुंबई इंडियंस: हार्दिक पांड्या (कप्तान), रयान रिकलटन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, नमन धीर, मिचेल सैंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह।