कर्नाटक सरकार की शराब नीति में बड़े बदलाव के ऐलान के बाद 6 मार्च को शेयर बाजार में United Spirits और United Breweries के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखी गई। दोनों कंपनियों के शेयर 6.5% तक उछल गए। ब्रोकरेज फर्म Nuvama Institutional Equities ने इस नीति बदलाव को पूरे सेक्टर के लिए सकारात्मक कदम बताया है।
शेयरों में कितनी आई तेजी
6 मार्च को दोपहर करीब 1:36 बजे United Spirits के शेयर 5.5% की बढ़त के साथ 1,398.9 रुपये प्रति शेयर पर ट्रेड कर रहे थे। वहीं United Breweries के शेयर लगभग 4% की तेजी के साथ 1,712 रुपये प्रति शेयर पर कारोबार कर रहे थे। Nuvama ने United Spirits, United Breweries और Allied Blenders and Distillers तीनों पर अपनी ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखी है।
क्या है Karnataka की नई शराब नीति
कर्नाटक सरकार ने अप्रैल 2026 से शराब पर सरकारी मूल्य नियंत्रण खत्म करने का फैसला किया है। यह बीयर और शराब निर्माताओं के लिए एक बड़ा नीतिगत बदलाव है क्योंकि अब तक कंपनियों को अपने उत्पादों की कीमत तय करने के लिए राज्य सरकार की मंजूरी लेनी पड़ती थी।
नई नीति के तहत अब कंपनियां खुद अपने उत्पादों की रिटेल कीमत तय कर सकेंगी।इसके अलावा सरकार Alcohol-in-Beverage (AIB) आधारित एक्साइज ड्यूटी सिस्टम लागू करेगी, जिसमें टैक्स उत्पाद की वास्तविक अल्कोहल सामग्री के आधार पर लगाया जाएगा। साथ ही टैक्स स्लैब की संख्या मौजूदा 16 से घटाकर सिर्फ 8 कर दी जाएगी, जिससे पूरी प्रक्रिया सरल और पारदर्शी होगी।
सेक्टर के लिए क्यों है यह फायदेमंद
Nuvama Institutional Equities के मुताबिक यह नीति बदलाव इसलिए सकारात्मक है क्योंकि इससे स्लैब-आधारित मूल्य नियंत्रण खत्म होगा और एक अधिक डीरेगुलेटेड ढांचा तैयार होगा। कंपनियों को प्राइसिंग में ज्यादा लचीलापन मिलेगा, जिससे उनकी मार्जिन और मुनाफे में सुधार की उम्मीद है। यह पूरे शराब उद्योग के लिए एक बड़ी राहत मानी जा रही है।