पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। ईरान की राजधानी तेहरान के आसपास अचानक सैन्य गतिविधियां तेज हो गई हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, तेहरान के आसपास एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिया गया है, जबकि बोरूजर्द शहर के पास धमाकों की आवाजें भी सुनाई दी हैं। हालांकि, इन घटनाओं के पीछे की वजह को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
तेहरान के ऊपर सक्रिय दिखे अमेरिकी सैन्य विमान
सार्वजनिक फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइटों के अनुसार, ईरान के आसपास अमेरिकी सेना के कई सैन्य विमान सक्रिय नजर आए। इनमें तीन KC-135 एयर टैंकर, दो KC-46A एयर टैंकर और एक E-3 AWACS निगरानी विमान शामिल हैं। AWACS विमान हवाई निगरानी और शुरुआती चेतावनी के लिए इस्तेमाल किया जाता है, जबकि KC-135 और KC-46A विमान लड़ाकू विमानों को हवा में ईंधन उपलब्ध कराने का काम करते हैं। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि सार्वजनिक ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म पर सैन्य गतिविधियों का केवल सीमित हिस्सा ही दिखाई देता है और वास्तविक गतिविधियां इससे अधिक हो सकती हैं।
बोरूजर्द के पास धमाकों से बढ़ी चिंता
तेहरान के अलावा ईरान के बोरूजर्द क्षेत्र के पास भी धमाकों की खबर सामने आई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ये विस्फोट किसी सैन्य अभियान का हिस्सा थे या किसी अन्य कारण से हुए। ईरानी प्रशासन की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
ट्रंप ने ईरान के कदम की की सराहना
इन घटनाओं के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर ईरान के एक कदम की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2024 से हिरासत में रखी गई एक अमेरिकी नागरिक को ईरान ने रिहा कर दिया है। ट्रंप ने कहा कि संबंधित नागरिक अब सुरक्षित रूप से ईरान से बाहर है और उसकी तबीयत भी ठीक है। उन्होंने इस रिहाई को ईरान का ‘गुडविल जेस्चर’ (सद्भावना का कदम) बताते हुए इसकी सराहना की।
पश्चिम एशिया पर बनी हुई है दुनिया की नजर
तेहरान में बढ़ती सैन्य गतिविधियों, अमेरिकी विमानों की मौजूदगी और ट्रंप के बयान के बाद पश्चिम एशिया की स्थिति पर दुनिया की नजर बनी हुई है। फिलहाल दोनों देशों की ओर से किसी नए सैन्य अभियान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन क्षेत्र में बढ़ती हलचल ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता जरूर बढ़ा दी है।