पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया में एक ही परिवार के 5 लोगों की हत्या कर दी गई। रविवार रात से सभी लापता थे। सोमवार शाम को सभी की बॉडी मिली।
लाशें घर से डेढ़ किलोमीटर दूर तालाब में मिलीं। जिन्हें जलाने के बाद अलग-अलग बोरों में भरकर जलकुंभियों के बीच छिपाया गया था। सभी शव 80 फीसदी से ज्यादा जल चुके थे।
मृतकों में बाबूलाल उरांव, उनकी पत्नी, मां, बहू और बेटा शामिल है। पुलिस के अनुसार, परिवार झाड़-फूंक करता था। 3 दिन पहले गांव में एक बच्चे की मौत हो गई। गांव वालों ने अंधविश्वास में इस हत्याकांड को अंजाम दिया।
बाबूलाल के बेटे सोनू ने बताया कि मेरे सामने ही पूरे परिवार को मारा गया है। रविवार की रात 10 बजे अचानक 50 लोग घर पर आ गए और मेरी मां सीता देवी को डायन बताकर बांस से पीटने लगे। उन लोगों ने मेरे परिवार को पीट-पीटकर मार डाला।
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी नकुल ने कहा, मारपीट के बाद डीजल छिड़क कर पांचों को जिंदा जलाया था।
बाबूलाल उरांव का 15 साल का बेटा सोनू किसी तरह अपनी जान बचाकर भागा और नानी के घर पहुंचा। उसने आंखों देखी नानी को सुनाई। जिसके बाद परिजन ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
सोनू ने पुलिस को बताया- घर से 150-200 मीटर दूर लाशों को ले जाया गया था। मैंने खुद देखा। इसके बाद मैं वहां से भाग गया था। फिर लाश कहां ठिकाने लगाई, ये मैंने नहीं देखा।
पूर्णिया के एक गांव में जादू-टोना/काला जादू के नाम पर एक ही परिवार के पांच सदस्यों को जिंदा जला दिया गया, तीन गिरफ्तार हुए। एसडीपीओ सदर पूर्णिया पंकज कुमार शर्मा ने बताया, “हमें सुबह 5 बजे सूचना मिली कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव में सोनू (आयु 16) नामक व्यक्ति ने बताया कि काला जादू और जादू-टोना के नाम पर उरांव समुदाय के लोगों ने उसके परिवार के 5 सदस्यों की हत्या कर दी है। पुलिस वहां पहुंची और सभी 5 जले हुए शव बरामद किए। 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, अन्य अज्ञात हैं और उनकी तलाश की जा रही है। पूरे गांव के लोग इसमें शामिल थे।
पूर्णिया जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने बताया, 6 जुलाई की घटना है। मारपीट के बाद 5 लोगों को रात को जला कर मारा गया है। कल पुलिस और प्रशासन ने शवों की रिकवरी कराई है, पोस्टमार्टम कराया है। FIR दर्ज़ हो गई है। मामले में 23 अभियुक्त हैं। 150-200 अज्ञात लोगों पर भी FIR हुई है। एक मुख्य अभियुक्त को गिरफ़्तार कर लिया गया है। छापेमारी की जा रही है। 3 लोग हिरासत में हैं। इसमें एक नाबालिग भी है जिसे अभिरक्षा में रखा गया है।
सांसद पूर्णिया पप्पू यादव ने रानीपतरा गांव में मृतक के परिजनों से मुलाकात की जहां यह घटना घटी थी। सांसद पूर्णिया पप्पू यादव ने कहा, बाहर में कोई ओझा था वहां पर ये सभी गए थे उस ओझा ने ऐसा कहा कि आपके गांव में डायन है जो आपके बच्चे पर कुछ कर दिया है और इस अंधविश्वास के चलते इतनी बड़ी घटना घट गई….आदिवासी समाज ऐसा काम तो नहीं करता ये सिर्फ अंधविश्वास के चलते इतनी बड़ी घटना घटी है। हम आग्रह करेंगे कि समाज से ऐसी हर अंधविश्वास चीज़ों को मिटा देना चाहिए।
सुबह 5 बजे सोनू ने घटना की जानकारी दी कि मेरे परिवार के लोगों को पीट-पीटकर मारा गया है। लाशों को जलाकर फेंका गया है। इसके बाद पुलिस तुरंत गांव पहुंची। डॉग स्क्वॉड की टीम बुलाई गई। घर से डेढ़ किलोमीटर दूर पांचों लाशों को बरामद कर लिया गया।
इस कांड में पूरे गांव के शामिल होने की बात कही जा रही है। 3 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। SIT का गठन किया गया है। छापेमारी जारी है।
तेजस्वी ने X पर लिखा- पूर्णिया में एक ही परिवार के 5 लोगों को जिंदा जलाकर मार दिया। DK टैक्स के कारण बिहार में अराजकता चरम पर, DGP/CS बेबस, कानून व्यवस्था ध्वस्त।
परसों सीवान में 3 लोगों की नरसंहार में मौत। विगत दिनों बक्सर में नरसंहार में 3 की मौत। भोजपुर में नरसंहार में 3 की मौत। अपराधी सतर्क, मुख्यमंत्री अचेत, भ्रष्ट भूंजा पार्टी मस्त, पुलिस पस्त। DK की मौज, क्योंकि DK ही असल बॉस।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने पूर्णिया में एक ही परिवार के 5 लोगों की हत्या पर कहा, यह घोर अन्याय है। यह नीतीश कुमार सरकार की विफलताओं को साबित करता है। बिहार में दिनदहाड़े उद्योगपति की हत्या कर दी जाती है और गांवों में ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया जाता है… यह बिहार प्रशासन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विफलता है।
JDU नेता के.सी. त्यागी ने पूर्णिया में एक ही परिवार के 5 लोगों की हत्या पर कहा, “यह बहुत बुरी, बहुत शर्मानाक खबर है। इसकी जितनी निंदा की जाए कम है लेकिन बिहार में किसी भी अपराधी को छोड़ने की परंपरा नहीं है।
उत्तर प्रदेश के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने पूर्णिया में एक ही परिवार के 5 लोगों की हत्या पर कहा, मुझे जानकारी मिली है कि इस घटना का संज्ञान लिया गया है। यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है, किसी व्यक्ति की जान लेना किसी भी परिस्थिति में कानूनी रूप से उचित नहीं ठहराया जा सकता है। हमें उम्मीद है कि सरकार इस मामले में सख्त फैसला लेगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बिहार में नीतीश कुमार को बदनाम करने के लिए एक षड्यंत्र रचा जा रहा है कि आतंक फैलाओ, अपराध करो… कुछ लोग नीतीश कुमार को बदनाम करने के लिए ऐसा कर रहे हैं और इसका पर्दाफाश होने वाला है। यह एक राजनीतिक गैंग के माध्यम से हो रहा है… जो लोग कह रहे थे कि यह जंगलराज है, यहां तो कार्रवाई हो रही है। लालू यादव के राज में क्या होता था, मुख्यमंत्री आवास में बैठकर अपराधियों की पंचायत होती थी और आज तेजस्वी यादव नीतीश कुमार को बदनाम करने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं।