अयोध्या : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम की पावन जन्मभूमि श्री अयोध्या धाम में ‘श्री हनुमत कथा मण्डपम’ के लोकार्पण समारोह में सहभागिता की। उन्होंने कहा, श्री अयोध्या धाम में स्वयं प्रभु श्री रामलला विराजमान हैं, यहां के रक्षक देवता के रूप में श्री हनुमान जी महाराज हैं। आज यहां पूज्य संतों के सान्निध्य में ‘श्री हनुमत कथा मण्डपम’ का भव्य लोकार्पण संपन्न हुआ है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा, पूज्य संत ब्रह्मलीन महंत परमहंस रामचंद्र दास जी महाराज, श्रद्धेय अशोक सिंघल जी एवं मेरे पूज्य गुरुदेव राष्ट्रसंत ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की पवित्र आत्माएं आज जहां कहीं भी होंगी, श्री अयोध्या धाम के वैभव को देखकर निश्चित ही उन्हें संतुष्टि का अनुभव हो रहा होगा। सनातन धर्म के कारण ही हमारा वजूद है, हमारा अस्तित्व है। हम अपने देश और धर्म के खिलाफ, कुछ भी स्वीकार नहीं करेंगे। 75 वर्ष बहुत जी लिया पाकिस्तान, अब उसका समय आ गया है।
‘सौगंध राम की खाएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’ के संकल्प की पूर्ति के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वयं श्री अयोध्या धाम आए और श्री रामलला के भव्य मंदिर की आधारशिला रखी। हमने कहा- श्री अयोध्या धाम का वैभव आएगा, जरूर आएगा, कोई रोक नहीं पाएगा। आज श्री अयोध्या धाम के नाम से लोगों के चेहरे पर एक नई चमक देखने को मिलती है। डबल इंजन की सरकार ने डबल स्पीड से चलकर श्री अयोध्या धाम को उसका गौरव प्रदान करने का काम किया है।