CJP Protest: स्वतंत्र भारद्वाज पर SC-ST एक्ट के तहत केस, 72 घंटे में गिरफ्तारी का भरोसा… चंद्रशेखर आजाद ने दी घेराव की चेतावनी

Vin News Network
Vin News Network
4 Min Read
स्वतंत्र भारद्वाज पर SC-ST का केस दर्ज, होगी गिरफ्तारी

विन न्यूज़ नेटवर्क। सीजेपी प्रोटेस्ट के दौरान संजय आजाद के साथ कथित मारपीट के मामले में स्वतंत्र भारद्वाज की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मामले को लेकर CJP नेता और पीड़ित परिवार दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे, जहां पुलिस अधिकारियों के साथ उनकी बैठक हुई।

पुलिस की ओर से मामले में SC-ST एक्ट की धाराएं जोड़ने और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई का भरोसा दिए जाने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि सीजेपी प्रोटेस्ट के दौरान संजय आजाद के साथ कथित मारपीट को लेकर स्वतंत्र भारद्वाज की ओर से किए गए दावों के बाद विवाद बढ़ गया। इसी मामले में पीड़ित पक्ष ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, दर्ज FIR में SC-ST एक्ट की धारा जोड़ी गई है। साथ ही संजय आजाद की दोबारा मेडिकल जांच कराने की बात कही गई है।

मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर तय होगी अटेम्प्ट मर्डर की धारा

पुलिस के अनुसार, संजय आजाद की मेडिकल जांच दोबारा कराई जाएगी। मेडिकल रिपोर्ट और चोटों की स्थिति के आधार पर यह तय किया जाएगा कि मामले में हत्या के प्रयास यानी अटेम्प्ट मर्डर की धारा जोड़ी जाए या नहीं। पुलिस की ओर से आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर भी कार्रवाई का भरोसा दिए जाने की बात कही गई है।

CJP नेता निशु आजाद ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक के बाद कहा कि उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई दिनों से स्वतंत्र भारद्वाज के समर्थकों की ओर से उन्हें गालियां और रेप की धमकियां भेजी जा रही हैं। निशु आजाद के मुताबिक, उन्होंने इस संबंध में भी FIR दर्ज कराई है।

निशु आजाद ने कहा कि घटना के बाद उन्हें गहरा सदमा लगा और वह कई हफ्तों तक स्कूल नहीं जा सकीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस अब पूरे मामले में कार्रवाई करेगी और उन्हें न्याय मिलेगा।

चंद्रशेखर आजाद ने पुलिस पर उठाए सवाल

मामले को लेकर सांसद चंद्रशेखर आजाद भी निशु आजाद और उनके परिवार के साथ दिल्ली पुलिस अधिकारियों से मिले। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि FIR दर्ज होने के बावजूद अब तक पर्याप्त कार्रवाई नहीं हुई।

चंद्रशेखर आजाद ने दावा किया कि पुलिस ने उन्हें भरोसा दिया है कि शाम तक हत्या के प्रयास की धारा जोड़ने और SC-ST एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी की पहचान पुलिस के सामने है और पीड़ित परिवार को लगातार धमकियां मिलने की बात सामने आ रही है।

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि पुलिस अधिकारी ने 72 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी का भरोसा दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो दिल्ली पुलिस मुख्यालय और गृह मंत्री के खिलाफ घेराव किया जाएगा।

पुलिस कार्रवाई पर नजर

फिलहाल मामले में SC-ST एक्ट की धारा जोड़े जाने की बात सामने आई है, जबकि हत्या के प्रयास की धारा मेडिकल जांच के बाद तय की जाएगी। पुलिस की आगे की कार्रवाई और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में धाराओं में बदलाव संभव है।

यह मामला CJP Protest के दौरान हुए विवाद से जुड़ा है और अब पुलिस की जांच तथा आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर अगले कदम पर सभी की नजर है। मामले से जुड़े सभी आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *