सोमवार 6 अप्रैल को दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में एक बड़ी घटना हुई है. दोपहर करीब 2 बजे एक कार गेट नंबर 2 से जबरन विधानसभा परिसर के अंदर घुस गई. इस कार पर उत्तर प्रदेश का रजिस्ट्रेशन नंबर लगा हुआ था. कार की टक्कर से लोहे के गेट को नुकसान पहुंचा है. उस समय गेट पर सीआरपीएफ के जवान तैनात थे.
कार चलाने वाले व्यक्ति ने अपना चेहरा ढका हुआ था. अंदर घुसने के बाद वह कार विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर गई. वहां बरामदे के पास उसने फूलों का एक गुलदस्ता रखा. इसके बाद कार सवार लोगों ने विधानसभा अध्यक्ष की गाड़ी पर स्याही फेंक दी. यह घटना अचानक हुई और कुछ देर वहां रुकने के बाद आरोपी उसी कार से तेजी से बाहर निकल गए.
घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. दिल्ली पुलिस के डीसीपी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. कार की पहचान करने के लिए विधानसभा और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कार में कितने लोग सवार थे और उनका मकसद क्या था.
अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस ने गाड़ी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई हैं. विधानसभा जैसे संवेदनशील इलाके में इस तरह जबरन गाड़ी का घुसना सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है.
सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि गाड़ी बहुत तेज रफ्तार में थी. गेट पर तैनात जवानों ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन वह बैरिकेड तोड़ते हुए अंदर चली गई. विधानसभा अध्यक्ष की गाड़ी पर स्याही फेंकने के बाद आरोपी तुरंत मुख्य गेट की तरफ भागे. पुलिस ने परिसर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली है. विधानसभा के बाहर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी में कार का नंबर और ड्राइवर का हुलिया साफ करने की कोशिश की जा रही है. इस मामले में आधिकारिक शिकायत दर्ज कर ली गई है. दिल्ली पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है.