अहमदाबाद। शहर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। इंडिगो एयरलाइंस की दीव जाने वाली फ्लाइट में टेकऑफ के दौरान अचानक इंजन में आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। विमान में सवार 60 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और समय रहते उन्हें विमान से बाहर निकाल लिया गया।
पायलट ने दिखाई सूझबूझ, भेजा ‘मेडे कॉल’
घटना के दौरान पायलट ने तत्काल सतर्कता बरतते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को ‘मेडे कॉल’ भेजा और टेकऑफ प्रक्रिया को बीच में ही रोक दिया। विमान को रनवे पर ही रोक दिया गया और तुरंत इमरजेंसी सेवाएं सक्रिय कर दी गईं।
सभी यात्री सुरक्षित, फ्लाइट रद्द
इंडिगो के अनुसार, किसी भी यात्री को कोई शारीरिक नुकसान नहीं हुआ है और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फ्लाइट को रद्द कर दिया गया है और यात्रियों के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं।
इंडिगो का बयान
इंडिगो एयरलाइंस के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यह घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई, और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सभी जरूरी कदम तुरंत उठाए गए। उन्होंने बताया कि “हम अपने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हैं और सभी को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया सफल रही।”