राजधानी दिल्ली के चितरंजन पार्क स्थित भव्य दुर्गा पूजा पंडाल में मंगलवार को एक विशेष अवसर देखने को मिला जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए और आरती उतारी। उनकी यह यात्रा सीआर पार्क स्थित प्रसिद्ध काली बाड़ी मंदिर से शुरू हुई जहां उन्होंने विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की। इसके बाद प्रधानमंत्री दुर्गा पूजा सहकारी समिति द्वारा आयोजित पूजा पंडाल पहुंचे जहां उन्होंने देवी की प्रतिमा के समक्ष आरती की और श्रद्धा व्यक्त की।
मिनी बंगाल के नाम से मशहूर सीआर पार्क इन दिनों भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास में डूबा हुआ है। भव्य पंडाल, पारंपरिक सजावट, खाने-पीने के स्टॉल्स और लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया है। पीएम की उपस्थिति ने यहां की रौनक को और बढ़ा दिया। इस दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी पंडाल में मौजूद रहीं।
प्रधानमंत्री की यात्रा को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए थे। सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए गए। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे प्रभावित क्षेत्रों से बचें और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। आउटर रिंग रोड (पंचशील से ग्रेटर कैलाश), लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जेबी टीटो मार्ग, इंद्र मोहन भारद्वाज रोड और सीआर पार्क की मुख्य सड़क पर शाम 3 बजे से देर रात तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू रही। सीआर पार्क में आयोजित यह दुर्गा पूजा न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि दिल्ली की सांस्कृतिक विविधता और एकता का भी जीवंत उदाहरण बन चुकी है।