लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आम महोत्सव के आखिरी दिन आमों को लेकर लूट मच गई। रविवार को महोत्सव के समापन की जैसे ही घोषणा हुई, लोग स्टालों पर टूट पड़े। चंद मिनट में सभी स्टाल खाली हो गए। दुपट्टे, पल्लू और थैलों में भरकर लोग आम घर ले गए।
हुआ यूं कि समारोह के आखिरी दिन बड़ी संख्या में भीड़ जुटी थी। समापन के वक्त अनाउंसमेंट हुआ कि अब पुरस्कार वितरण होगा, जिसे लोगों ने ‘आम वितरण’ समझ लिया और फिर लूट मच गई। इस दौरान आयोजक मूकदर्शक बने रहे।
आयोजकों ने कहा- हमें इस बात का अंदाजा नहीं था कि आखिरी दिन इस कदर भीड़ उमड़ेगी। आगे से इस तरह की परिस्थितियों से निपटने के लिए पहले ही योजना बनाकर रखी जाएगी। वहीं, अवध शिल्पग्राम में 4 से 6 जुलाई तक चले आम महोत्सव में संस्कृति और सितारों की चमक खूब दिखी।
कवि कुमार विश्वास से लेकर भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह तक पहुंचे। 4 जुलाई को सीएम योगी ने आम महोत्सव का उद्घाटन किया था। इस दौरान उन्होंने किसानों को सम्मानित भी किया था।
आम लूटने वाले बुजुर्ग ने कहा- इतने बड़े-बड़े आम कभी नहीं देखे थे।। मौका मिला था तो कैसे छोड़ देते? एक आम तो कटहल जैसा है, जिसमें मिठास ज्यादा है। बता दें कटहल जैसी बनावट के आम को मोदी 3.0 नाम दिया गया है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने किसानों से आमों की खासियत जानी। इस दौरान सीएम ने एक आम उठाया, जिस पर ‘योगी आम’ लिखा था। यह देखकर वे मुस्कुराए और आम को हाथ में लेकर फोटो भी खिंचवाई। उन्होंने सेना को समर्पित ‘सिंदूर आम’ भी देखा।
इसके बाद सीएम योगी ने प्रगतिशील आम उत्पादकों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कृषि विपणन राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह की चुटकी भी ली। कहा- दिनेश सिंह ने सबसे पहले रायबरेली के किसान को सम्मानित कराया, पता नहीं रायबरेली में बाग है भी या नहीं।
सीएम योगी ने लखनऊ से दुबई और लंदन के लिए आम के कंटेनर भी रवाना किए। शाम होते-होते भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने स्टेज पर धमाल मचाया। जैसे ही पवन सिंह मंच पर पहुंचे, भीड़ में जोरदार उत्साह देखने को मिला। लोग उनके गानों पर झूमने लगे। पवन सिंह ने अपने सुपरहिट गानों की प्रस्तुति दी, जिससे माहौल और भी रंगीन हो गया।