हैदराबाद। हैदराबाद में चारमीनार के पास गुलजार हाउस में रविवार सुबह एक इमारत में आग लग गई। हादसे में अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है। घटना के समय इमारत में 30 से ज्यादा लोग मौजूद थे। इनमें से 15 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू किया गया।
फायर ब्रिगेड की 11 गाड़ियां मौके पर पहुंची थी। जिन्हें आग बुझाने के लिए 2 घंटे मशक्कत करनी पड़ी। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, लेकिन अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, हादसे में संपत्ति के नुकसान का अंदाजा नहीं लगाया जा सका है।

इधर, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हादसे पर दुख जताया और घायलों को तुरंत इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और AIMIM विधायक मुमताज अहमद खान ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया है।
PM मोदी ने हादसे पर दु:ख जताया
घटना पर PM मोदी ने गहरा दुख जताया है। PMO ने X पर लिखा – हैदराबाद की आग की घटना में लोगों की मौत से बहुत दुख हुआ। जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उन्हें संवेदनाएं। घायलों को जल्द ठीक होने की कामना। पीएम राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की मदद दी जाएगी।
मंत्री प्रभाकर का दावा-ज्यादातर लोगों की मौत हो गई
तेलंगाना के मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने बताया कि आग सुबह करीब 6 बजे लगी और 6:16 बजे तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई थी। टीम ने सभी को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग बहुत तेजी से फैल चुकी थी।
उन्होंने बताया कि इमारत में रहने वाले ज्यादातर लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार से बात की है और सरकार की ओर से हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है।

ब्रोंटो स्काइलीफ्ट हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म से बुझाई आग
आग बुझाने में आधुनिक फायर रोबोट और ब्रोंटो स्काइलीफ्ट हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का भी इस्तेमाल किया गया है। ब्रोंटो स्काइलीफ्ट हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म एक बड़ी फायर गाड़ी पर लगा होता है। इसमें एक लंबा हाइड्रोलिक बाजू (आर्म) होता है, जो ऊपर-नीचे और घूम सकता है। इस बाजू के ऊपर एक प्लेटफॉर्म (टोकरी) होती है जिसमें फायरमैन खड़े होकर ऊंची इमारतों तक पहुंच सकते हैं।