विन न्यूज़ नेटवर्क। उन्नाव के दही थाना क्षेत्र में देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। अयोध्या से कानपुर जा रही रोडवेज बस पहले एक डंपर से टकराई और उसके बाद चालक की लापरवाही से बस के नीचे आकर तीन यात्रियों की मौत हो गई। हादसे में बस का कंडक्टर भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरातफरी फैल गई। अन्य यात्रियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे।
पहले डंपर से टक्कर, फिर हुआ बड़ा हादसा
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच पुरवा बाईपास मोड़ के पास हुई। रोडवेज बस अयोध्या से कानपुर की ओर जा रही थी। सामने से आ रहे डंपर से बस की टक्कर हो गई। उस समय दोनों वाहनों की रफ्तार कम थी, इसलिए शुरुआती टक्कर में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। टक्कर के बाद कई यात्री बस से उतरकर नुकसान का जायजा लेने लगे। इसी दौरान तीन यात्री और बस का कंडक्टर बस तथा डंपर के बीच खड़े होकर दोनों वाहनों को देख रहे थे। तभी चालक ने अचानक बस आगे बढ़ा दी। बस के नीचे आने से चारों गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीन यात्रियों की मौत, कंडक्टर की हालत गंभीर
घटना में राजेंद्र (40), रामनरेश (40) और एक अन्य यात्री की मौत हो गई। घायल कंडक्टर इंद्रपाल सिंह (48) को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
शोक में डूबा परिवार
इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां पूरी तरह छीन लीं। मृतक रामनरेश अपने ससुर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पत्नी नीलम और 12 वर्षीय बेटी के साथ कानपुर जा रहे थे। शुक्रवार दोपहर उनके ससुर का निधन हुआ था और परिवार शोक में डूबा हुआ था। पिता की मौत की खबर सुनकर हम कानपुर जा रहे थे। अब मेरे पति भी नहीं रहे…यह कहते हुए नीलम बिलख पड़ीं। हादसे के बाद उनकी बेटी भी सदमे में है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था।
पुलिस ने हटवाए वाहन, यातायात कराया बहाल
दुर्घटना के बाद पुरवा बाईपास पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और डंपर को सड़क से हटवाया तथा रास्ता साफ कराया। अन्य यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर उनके गंतव्य की ओर भेजा गया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए हैं।
लापरवाही की जांच शुरू
दही थाना के एसएसआई पंकज सोनकर ने बताया कि पुलिस यह जांच कर रही है कि चालक ने किन परिस्थितियों में बस आगे बढ़ाई। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि हादसे के पीछे किसकी लापरवाही थी। उन्होंने बताया कि यात्रियों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। कंडक्टर की हालत में सुधार होने के बाद उससे भी पूछताछ की जाएगी। फरार चालक की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और चालक की गिरफ्तारी के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां पूरी तरह स्पष्ट हो सकेंगी।