लखनऊ : उत्तर प्रदेश में रविवार को पांच आईपीएस अफसरों के तबादले हुए हैं। इनमें लखनऊ जोन के एडीजी, सहारनपुर के एसएसपी और पीएसी के एडीजी भी हैं। लखनऊ जोन के एडीजी एसबी शिरडकर को पुलिस भर्ती बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया है। उनका हाल ही में डीजी की रैंक पर प्रमोशन हुआ था। अभी तक पुलिस भर्ती बोर्ड के चेयरमैन की जिम्मेदारी डीजीपी राजीव कृष्ण के पास थी।
पीएसी के एडीजी सुजीत पांडेय को लखनऊ जोन का नया एडीजी बनाया गया है। वह लखनऊ के पुलिस कमिश्नर, लखनऊ रेंज के आईजी भी रह चुके हैं। कानपुर कमिश्नरेट से हटाकर पीटीसी सीतापुर भेजे गए आरके स्वर्णकार की वापसी हुई है, उन्हें पीएसी में एडीजी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सीआईडी में तैनात एसपी आशीष तिवारी को सहारनपुर जिले का नया एसएसपी बनाया गया है। सहारनपुर के एसएसपी रोहित सजवान को प्रतिनियुक्ति पर जाने से पहले डीजीपी मुख्यालय में अटैच कर दिया गया है।