जालौन में घर के बाहर सो रही महिला की निर्मम हत्या सिर पर भारी हथियार से वार कर उतारा मौत के घाट

Vin News Network
Vin News Network
4 Min Read
घर के बाहर सो रही महिला की हत्या !

जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम जायघा में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई। घर के बाहर चारपाई पर सो रही 50 वर्षीय महिला की अज्ञात हमलावर ने सिर पर किसी भारी हथियार से कई वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। गुरुवार सुबह जब महिला का खून से लथपथ शव घर के बाहर मिला तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और क्षेत्राधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

मृतका की पहचान मीना देवी (50), पत्नी स्वर्गीय कल्लू सिंह राजावत, निवासी ग्राम जायघा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पति की मौत के बाद मीना देवी घर में अकेली रहती थीं। बुधवार रात भी वह रोज की तरह अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रही थीं। इसी दौरान आधी रात के करीब अज्ञात हमलावर ने उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से ताबड़तोड़ कई वार किए। हमला इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

गुरुवार सुबह काफी देर तक मीना देवी की कोई गतिविधि दिखाई नहीं दी तो पड़ोसियों को शक हुआ। जब ग्रामीण उनके पास पहुंचे तो चारपाई पर उनका शव खून से लथपथ पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए और पूरे गांव में दहशत फैल गई। घटना की सूचना तत्काल रामपुरा थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अंबुज यादव, थाना प्रभारी निरीक्षक शिव प्रकाश सिंह तथा उपनिरीक्षक रमाशंकर सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और फोरेंसिक जांच की प्रक्रिया शुरू कराई। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार मृतका के दो बेटे हैं देवेंद्र सिंह (30) और विकेश सिंह (25), जो गुजरात के अंकलेश्वर में टाइल्स लगाने का काम करते हैं। थाना प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि बड़े बेटे देवेंद्र सिंह से फोन पर बात हो चुकी है और वह गुजरात से गांव के लिए रवाना हो चुका है। बेटे ने पुलिस से अनुरोध किया है कि उसके पहुंचने तक पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली जाए। गांव पहुंचने के बाद वह लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराएगा। फिलहाल मृतका के देवर रूपेंद्र सिंह उर्फ लला की सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि महिला के अकेले रहने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है। पुलिस रंजिश, लूटपाट, पारिवारिक विवाद और किसी करीबी की संलिप्तता सहित सभी संभावित एंगल पर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पूरे जायघा गांव में भय और शोक का माहौल है। ग्रामीण घटना से स्तब्ध हैं और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *