विन न्यूज़ नेटवर्क। इंटरनेट पर इन दिनों WhatsApp को लेकर एक खबर तेजी से वायरल हो रही है कि 1 अक्टूबर 2026 से WhatsApp पर एक मैसेज भेजने के लिए करीब 14 पैसे देने होंगे। इस खबर के सामने आने के बाद कई यूजर्स के मन में सवाल है कि क्या अब WhatsApp चलाना भी पहले की तरह मुफ्त नहीं रहेगा। हालांकि, आम यूजर्स को फिलहाल परेशान होने की जरूरत नहीं है। यह बदलाव WhatsApp के सामान्य इस्तेमाल के लिए नहीं, बल्कि बिजनेस मैसेजिंग से जुड़े नियमों के लिए है।
आम यूजर्स के लिए WhatsApp रहेगा मुफ्त
अगर आप दोस्तों, रिश्तेदारों या किसी सामान्य WhatsApp अकाउंट पर मैसेज भेजते हैं तो इसके लिए आपको कोई पैसा नहीं देना होगा। इसी तरह किसी बिजनेस अकाउंट से बातचीत करने पर भी ग्राहक से कोई मैसेजिंग शुल्क नहीं लिया जाएगा। नए नियमों का सीधा असर कंपनियों और उन संस्थानों पर पड़ेगा, जो WhatsApp Business API के जरिए बड़े पैमाने पर ग्राहकों को ऑटोमेटेड मैसेज भेजते हैं।
1 अक्टूबर से बिजनेस मैसेजिंग में बदलाव
Meta की नई प्राइसिंग व्यवस्था के मुताबिक 1 अक्टूबर 2026 से सर्विस और यूटिलिटी मैसेजिंग की बिलिंग में बदलाव होगा। इसका मतलब है कि बैंक, ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म, ट्रैवल कंपनियां और दूसरे बड़े कारोबारी संस्थान ग्राहकों को भेजे जाने वाले कुछ मैसेज के लिए WhatsApp को शुल्क देंगे।
मसलन, बैंक की तरफ से बैलेंस या लेनदेन की जानकारी, ऑनलाइन ऑर्डर का स्टेटस, डिलीवरी अपडेट या लॉगिन के लिए OTP जैसे संदेश इसी तरह की बिजनेस मैसेजिंग में आते हैं।
1000 मैसेज तक फ्री कोटा
नए नियमों में कुछ सर्विस मैसेज के लिए हर बिजनेस फोन नंबर पर महीने में 1000 मैसेज का मुफ्त कोटा रहेगा। निर्धारित सीमा खत्म होने के बाद कंपनी को प्रत्येक अतिरिक्त मैसेज के हिसाब से भुगतान करना होगा।
वहीं, ग्राहक की ओर से बातचीत शुरू होने के बाद 24 घंटे की ग्राहक सहायता अवधि में भेजे जाने वाले कुछ यूटिलिटी मैसेज पर पहले जो छूट मिलती थी, उसमें भी 1 अक्टूबर से बदलाव किया जा रहा है।
मार्केटिंग मैसेज पर सबसे ज्यादा शुल्क
कंपनियों के लिए मार्केटिंग मैसेज की कीमत सबसे ज्यादा होगी। ऑफर, सेल और प्रमोशनल संदेश भेजने पर करीब 0.86 रुपये प्रति मैसेज तक शुल्क लग सकता है। वहीं ऑर्डर अपडेट, डिलीवरी की जानकारी और OTP जैसे संदेशों के लिए करीब 11.5 पैसे प्रति मैसेज की दर बताई गई है। GST जोड़ने के बाद यह राशि करीब 14 पैसे तक पहुंच सकती है।
WhatsApp इस्तेमाल करने वालों को क्या करना होगा?
आम WhatsApp यूजर्स को इन बदलावों के लिए कोई अतिरिक्त भुगतान नहीं करना होगा। यानी दोस्तों और परिवार को मैसेज भेजना, फोटो-वीडियो शेयर करना या सामान्य चैट करना पहले की तरह जारी रहेगा। नए शुल्क का संबंध मुख्य रूप से उन कारोबारों से है, जो WhatsApp के बिजनेस सिस्टम के जरिए बड़ी संख्या में ग्राहकों तक स्वचालित संदेश पहुंचाते हैं।