इंडियन प्रीमियर लीग में विराट कोहली ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। वह IPL इतिहास में 800 चौके लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह खास मुकाम गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में अपनी 266वीं पारी में हासिल किया। कोहली अब IPL में 9,000 रन के आंकड़े के भी बेहद करीब पहुंच चुके हैं।
सबसे ज्यादा चौके लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में कोहली के बाद शिखर धवन दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने अपने करियर में 768 चौके लगाए हैं। तीसरे नंबर पर डेविड वॉर्नर का नाम आता है, जिनके खाते में 663 चौके हैं। चौथे स्थान पर रोहित शर्मा हैं, जो अब तक 653 चौके लगा चुके हैं, जबकि पांचवें नंबर पर अजिंक्य रहाणे 522 चौकों के साथ मौजूद हैं।
इसके अलावा सुरेश रैना भी 500 से ज्यादा चौके लगाने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने 506 चौके लगाए हैं। IPL 2026 सीजन में भी कोहली शानदार फॉर्म में हैं और अब तक सबसे ज्यादा 33 चौके लगा चुके हैं। उनके बाद इस सूची में संजू सैमसन का नाम आता है, जिन्होंने इस सीजन में 31 चौके जड़े हैं।