नई दिल्ली : भारत और पाकिस्तान लगातार एक दूसरे पर सैन्य कार्रवाई कर रहे हैं। इस बीच विदेश और रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेस की। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, आज सुबह पाकिस्तान ने राजौरी शहर पर गोलाबारी की, जिसमें अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त राज कुमार थापा की मौत हो गई, जिससे राज्य में नागरिक हताहतों की संख्या और क्षति बढ़ गई।
कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया, पाकिस्तानी सेना ने पश्चिमी सीमाओं पर लगातार आक्रमक गतिविधियां जारी रखी हैं। उसने ड्रोन, लंबी दूरी के हथियार, युद्धक हथियार और लड़ाकू विमानों का उपयोग कर भारतीय सैन्य ढांचे को निशाना बनाया। अंतरराष्ट्रीय सीमा और LoC पर 26 से अधिक स्थानों पर हवाई घुसपैठ के प्रयास किए गए। भारतीय सशस्त्र बलों ने अधिकांश खतरों को सफलतापूर्वक निष्क्रिय किया। पाकिस्तान ने पंजाब के एयरबेस को निशाना बनाने के लिए रात 1:40 बजे हाई-स्पीड मिसाइलों का इस्तेमाल किया। चिंता का विषय यह रहा कि पाकिस्तान ने लाहौर से उड़ान भरने वाले नागरिक विमानों की आड़ लेकर अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्गों का दुरुपयोग किया ताकि वो अपनी गतिविधियां छिपा सकें।
विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने कहा, एक त्वरित और सुनियोजित प्रतिक्रिया में भारतीय सशस्त्र बलों ने केवल चिन्हित सैन्य लक्ष्यों पर सटीक हमला किया। पाकिस्तान ने लगातार दुर्भावनापूर्ण गलत सूचना अभियान चलाने का प्रयास किया है, जिसमें भारतीय एस-400 प्रणाली को नष्ट करने, सूरतगढ़ और सिरसा में एयरफील्ड को नष्ट करने का दावा किया गया है। भारत पाकिस्तान द्वारा फैलाए जा रहे इन झूठे दावों को स्पष्ट रूप से खारिज करता है।