वाराणसी और नई दिल्ली के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत, किराया जान चौंक जाएंगे आप ?

Vin News Network
Vin News Network
5 Min Read
वाराणसी और नई दिल्ली के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत

विन न्यूज़ नेटवर्क। भारतीय रेलवे यात्रियों को बेहतर और आरामदायक सफर की सुविधा देने के लिए लगातार नई ट्रेनें शुरू कर रहा है। इसी कड़ी में वाराणसी और नई दिल्ली के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत हो गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 31 अक्टूबर को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

ट्रेन का नियमित संचालन 2 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इस ट्रेन की सबसे खास बात इसका किराया है। वंदे भारत स्लीपर के फर्स्ट एसी का किराया मौजूदा वंदे भारत एक्सप्रेस के एग्जीक्यूटिव क्लास से भी कम रखा गया है।

वंदे भारत स्लीपर में कितना होगा टिकट का किराया?

नई दिल्ली और वाराणसी के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने तीन श्रेणियों में किराया निर्धारित किया है। इसमें थर्ड एसी का टिकट 1,915 रुपये, सेकेंड एसी का 2,470 रुपये और फर्स्ट एसी का किराया 3,030 रुपये रखा गया है।

वहीं, मौजूदा वंदे भारत एक्सप्रेस में चेयर कार का किराया 1,835 रुपये और एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 3,385 रुपये है। इस तरह वंदे भारत स्लीपर का फर्स्ट एसी किराया एग्जीक्यूटिव क्लास से 355 रुपये कम है। वहीं, थर्ड एसी में महज 80 रुपये अतिरिक्त देकर यात्री बैठकर सफर करने के बजाय सोने की सुविधा के साथ यात्रा कर सकते हैं।

शिवगंगा एक्सप्रेस से कितनी महंगी है वंदे भारत स्लीपर?

वाराणसी और नई दिल्ली के बीच शिवगंगा एक्सप्रेस भी यात्रियों की पसंदीदा ट्रेनों में शामिल है। इसके मुकाबले वंदे भारत स्लीपर का किराया कुछ ज्यादा है।

शिवगंगा एक्सप्रेस में थर्ड एसी का किराया 1,170 रुपये, सेकेंड एसी का 1,640 रुपये और फर्स्ट एसी का 2,725 रुपये है। वहीं, वंदे भारत स्लीपर में इन श्रेणियों के किराये क्रमशः 1,915, 2,470 और 3,030 रुपये हैं। यानी दोनों ट्रेनों के थर्ड एसी किराये में 745 रुपये, सेकेंड एसी में 830 रुपये और फर्स्ट एसी में 305 रुपये का अंतर है। ऐसे में यात्रियों को अपनी सुविधा और बजट के हिसाब से ट्रेन चुनने का विकल्प मिलेगा।

कितने घंटे में पूरा होगा दिल्ली से वाराणसी का सफर?

यात्रा के समय की बात करें तो वंदे भारत एक्सप्रेस सबसे तेज है। यह वाराणसी से नई दिल्ली की दूरी करीब 8 घंटे 5 मिनट में तय करती है। वहीं, नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को इस सफर में 9 घंटे 20 मिनट लगेंगे। जबकि शिवगंगा एक्सप्रेस करीब 10 घंटे 15 मिनट में दिल्ली पहुंचती है। यानी वंदे भारत स्लीपर समय और आराम के बीच बेहतर विकल्प बन सकती है।

जानिए वंदे भारत स्लीपर का पूरा टाइमटेबल

रेलवे की ओर से जारी समय-सारिणी के मुताबिक, वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली वंदे भारत स्लीपर रात 8 बजकर 50 मिनट पर रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में नई दिल्ली से ट्रेन रात 9 बजकर 40 मिनट पर चलेगी और अगले दिन सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर वाराणसी पहुंचेगी।

रास्ते में ट्रेन प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी। यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन संचालित होगी। वाराणसी से चलने वाली ट्रेन शुक्रवार को और नई दिल्ली से चलने वाली ट्रेन शनिवार को नहीं चलेगी।

यात्रियों को मिलेगा रातभर आरामदायक सफर का विकल्प

वंदे भारत स्लीपर के शुरू होने से दिल्ली और वाराणसी के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ रातभर आरामदायक सफर का विकल्प मिलेगा। खासकर उन लोगों के लिए यह ट्रेन उपयोगी हो सकती है, जो रात में यात्रा करके सुबह अपने गंतव्य तक पहुंचना चाहते हैं। अब देखना होगा कि यात्रियों के बीच यह नई ट्रेन कितनी लोकप्रिय होती है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *