विन न्यूज़ नेटवर्क। यश स्टारर फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है। फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
ट्रेलर में एक्शन और ड्रामा के साथ कियारा आडवाणी के कुछ इंटीमेट सीन्स ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा है। इसी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई और एक्ट्रेस के साथ-साथ उनके पति और अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा से भी सवाल किए जाने लगे।
ट्रोलिंग के बीच सिद्धार्थ मल्होत्रा ने किया रिएक्ट
कियारा के सीन को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने के बीच सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपनी पत्नी के काम को लेकर खुलकर सपोर्ट दिखाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर फिल्म के ट्रेलर से जुड़ी पोस्ट शेयर करते हुए कियारा की मेहनत और उनके अभिनय की तारीफ की।
सिद्धार्थ ने लिखा कि कियारा की मेहनत, लगन और जुनून बड़े पर्दे पर साफ दिखाई देगा। उन्होंने फिल्म को अभिनेत्री की बेहतरीन फिल्मों में से एक बताया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इसके साथ ही सिद्धार्थ ने फिल्म की निर्देशक गीतू मोहनदास और पूरी टीम की भी तारीफ की। उन्होंने लिखा कि वह गीतू मोहनदास की क्रिएटिव विजन को पर्दे पर देखने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने यश और पूरी टीम को फिल्म के लिए बेस्ट विशेज देते हुए 26 अगस्त का इंतजार करने की बात कही।
कियारा-यश की केमिस्ट्री ने खींचा ध्यान
‘टॉक्सिक’ के ट्रेलर में यश और कियारा की जोड़ी भी चर्चा का विषय बनी हुई है। दोनों के बीच दिखाई गई केमिस्ट्री को लेकर सोशल मीडिया पर खूब प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। फिल्म में कियारा का किरदार पहले की फिल्मों से काफी अलग नजर आ रहा है और ट्रेलर में उनकी बोल्ड स्क्रीन प्रेजेंस ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
इसी बीच फिल्म के कुछ सीन्स को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग भी देखने को मिली। कुछ यूजर्स ने कियारा के किरदार और फिल्म में उनके सीन्स पर सवाल उठाए, जबकि कई फैंस ने अभिनेत्री के परफॉर्मेंस का समर्थन भी किया।
यश ने भी कियारा का किया बचाव
ट्रेलर लॉन्च इवेंट में यश ने भी कियारा आडवाणी के काम और उनके किरदार को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि फिल्म में काम करने वाले सभी कलाकारों ने अपने-अपने किरदारों के लिए काफी मेहनत की है और पूरी तरह कैरेक्टर में उतरकर काम किया है।
कियारा की तारीफ करते हुए यश ने कहा कि दर्शकों ने अभी फिल्म में उनके काम की सिर्फ एक छोटी सी झलक देखी है। उन्होंने अभिनेत्री की मेहनत और डेडिकेशन की सराहना की और संकेत दिया कि फिल्म में उनका किरदार दर्शकों को आगे और भी प्रभावित कर सकता है।
26 अगस्त को रिलीज होगी ‘टॉक्सिक’
‘टॉक्सिक’ को लेकर रिलीज से पहले ही काफी बज बना हुआ है। यश की पिछली फिल्मों के बाद फैंस को इस प्रोजेक्ट से भी काफी उम्मीदें हैं। फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी की जोड़ी पहली बार बड़े पर्दे पर नजर आएगी।
ट्रेलर रिलीज के बाद जहां फिल्म की कहानी, एक्शन और स्टार कास्ट चर्चा में है, वहीं कियारा के किरदार और यश के साथ उनकी केमिस्ट्री ने भी दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। अब देखना होगा कि 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद ‘टॉक्सिक’ दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।