उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक एकजुटता का स्पष्ट संकेत देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के लखनऊ स्थित आवास पहुंचे। इस मुलाकात में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। राजनीतिक हलकों में इस बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और संगठन को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
इन दिनों उत्तर प्रदेश के दौरे पर मौजूद नितिन नवीन लगातार पार्टी नेताओं और एनडीए सहयोगियों से मुलाकात कर रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात की। इस दौरान संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय तथा आगामी चुनावी तैयारियों पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।
बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी शामिल रहे। पार्टी के शीर्ष नेताओं की एक साथ मौजूदगी को बीजेपी की अंदरूनी एकजुटता और चुनावी तैयारी के मजबूत संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
यह मुलाकात इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भी जून 2021 में बीएल संतोष और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केशव प्रसाद मौर्य के आवास पर बैठक की थी। उस समय संघ के सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्णगोपाल और तत्कालीन उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा भी मौजूद थे। इस बार बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच बृजेश पाठक की मौजूदगी ने इस बैठक को और अधिक चर्चा का विषय बना दिया।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बीजेपी 2027 के चुनाव से पहले संगठन और सरकार के बीच तालमेल को और मजबूत करना चाहती है। पार्टी नेतृत्व लगातार यह संदेश देने की कोशिश कर रहा है कि सभी वरिष्ठ नेता एकजुट होकर आगामी चुनावी रणनीति पर काम कर रहे हैं। इसी दौरान बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आगे बढ़ने का समय है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच एकजुटता और चुनावी उत्साह का संदेश देने की कोशिश की गई।