लखनऊ: लखनऊ विश्वविद्यालय के लोक प्रशासन विभाग में आज 16 अगस्त 2025 को भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर एक गरिमामय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अटल सुशासन पीठ के संयोजक एवं विभागाध्यक्ष प्रोफेसर नंद लाल भारती ने अटल जी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का उद्देश्य अटल जी के आदर्शों, उनकी अवधारणा तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करना और नई पीढ़ी को उनके विचारों से प्रेरित करना था। समारोह में विभाग के शिक्षकगण, शोधार्थी, परास्नातक एवं स्नातक स्तर के विद्यार्थी के साथ तमाम गढ़मान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत विभागाध्यक्ष एवं अटल सुशासन पीठ के संयोजक प्रोफेसर नंद लाल भारती द्वारा की गई। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि अटल जी केवल एक राजनेता नहीं बल्कि विचारों और संवेदना के प्रतीक थे। उन्होंने जिस सुशासन की परिकल्पना की थी वह आज भी प्रशासनिक अध्ययन और नीति निर्माण के लिए प्रेरणा का स्रोत है। प्रो. वैशाली सक्सेना, डॉ. श्रद्धा चंद्रा, डॉ. एस. एस. चौहान, और डॉ. उत्कर्ष मिश्रा ने इस अवसर पर अटल जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के विशेष आकर्षण:
अटल जी की जीवनी और काव्य रचनाओं की प्रदर्शनी, सुशासन और युवा” विषय पर संगोष्ठी, अटल सुशासन पीठ के उद्देश्यों और आगामी योजनाओं की घोषणा| कार्यक्रम का समापन शांति पाठ और सामूहिक श्रद्धांजलि के साथ हुआ साथ ही अंत में धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ शोधार्थी द्वारा किया गया जिसमें उन्होंने सभी उपस्थित जनों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार प्रकट किया।