नई दिल्ली : WhatsApp यूजर्स की प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए लगातार काम करता रहा है। इसी कड़ी में WhatsApp एक बड़े काम का फीचर जल्द लेकर आने वाला है। इस फीचर की मदद से यूजर्स की प्राइवेसी में इजाफा होगा और उन्हें अनचाहे मैसेजेस से परेशान नहीं होना पड़ेगा। इस फीचर का इस्तेमाल करने पर कोई भी WhatsApp पर आपसे आपके फोन नंबर की जगह एक यूनीक यूजरनेम के जरिए पर कॉन्टैक्ट करेगा। आने वाला नया फीचर इस यूनीक यूजरनेम से ही जुड़ा है। इस फीचर के आने के बाद आप से WhatsApp पर संपर्क करने वाले को पहले वह पिन कोड एंटर करना होगा जो कि आपने अपने यूजरनेम के लिए सेट किया होगा। फिलहाल यह फीचर बीटा स्टेज में है और इसकी जानकारी WABetaInfo ने अपनी एक रिपोर्ट में दी है।
WABetaInfo काफी समय से WhatsApp के आने वाले फीचर्स के बारे में सही-सही जानकारी देता आया है। WABetaInfo ने अपनी रिपोर्ट में फीचर्स से जुड़ा एक स्क्रीनशॉट भी शेयर किया है। WABetaInfo की मानें तो यह फीचर गूगल प्ले स्टोर पर मौजूद WhatsApp Beta For Android के 2.25.17.48 वर्जन में देखा गया है। WABetaInfo ने जो स्क्रीनशॉट शेयर किया है, उसके अनुसार WhatsApp जल्द ही प्राइवेसी प्रोटेक्शन के लिए यह जरूरी फीचर लाने की तैयारी में है। स्क्रीनशॉट में आप साफ-साफ यूजरनेम को पिन कोड से सुरक्षित करने वाले फीचर को देख सकते हैं। आपसे बात करने के लिए किसी भी यूजर को यह पिन सिर्फ पहली बार डालना होगा। इससे लोगों को आने वाले अनचाहे मैसेजेस पर रोक लग सकेगी।
इस फीचर के बारे में जो जानकारी सामने आई है उसके अनुसार यह फीचर आपकी प्राइवेसी का गार्ड बनकर काम करेगा। इस फीचर को ऑन करने के बाद अगर कोई आपको मेसेज भेजना चाहता है, तो यूजरनेम पता होने के बाद भी उसे सही पिन एंटर करना होगा। पिछले काफी समय से WhatsApp पर स्पैम मैसेजेस की संख्या काफी बढ़ गई है। WhatsApp इन स्पैम मैसेजेसे से निपटने के लिए ही यह फीचर लेकर आ रहा है। अगर कोई यूजर अपने अकाउंट का यूजरनेम सेट कर लेता है लेकिन यूजरनेम के लिए पिन सेट नहीं करता, तो चैट्स टैब में उन्हें पिन सेट करने का मैसेज दिखाई देगा। इस बैनर मैसेज के जरिए कंपनी यूजर्स को पिन सेट करने के लिए कहेगी।
यह फीचर जल्द बीटा यूजर्स को रोलआउट कर दिया जाएगा। बीटा यूजर्स के साथ टेस्टिंग के बाद इसे सभी यूजर्स के लिए रोलआउट किया जाएगा। बता दें कि इसमें थोड़ा समय लग सकता है। अगर आप देखना चाहते हैं कि यह फीचर आपके फोन पर आया या नहीं, तो प्ले स्टोर या ऐप स्टोर पर जाकर अपने WhatsApp ऐप को अपडेट रखें और चेक करते रहें।