बहराइच में अवैध मदरसे से चौंकाने वाला मामला, शौचालय से मिलीं 40 नाबालिग बच्चियां

Vin News Network
Vin News Network
2 Min Read
मदरसे की छत पर बंद थीं 40 मासूम ज़िंदगियाँ
Highlights
  • बहराइच के अवैध मदरसे से शौचालय में छिपी 40 नाबालिग बच्चियां मिलीं।
  • प्रशासनिक छापे के दौरान बच्चियां डरकर टॉयलेट में छिपी मिलीं।
  • मदरसा सील, जांच जारी

बहराइच। जिले के पयागपुर क्षेत्र के पहलवारा गांव में एक अवैध मदरसे की जांच के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस टीम को ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने सभी को हैरान कर दिया दरअसल एक तीन मंजिला इमारत में संचालित हो रहे इस गैर-मान्यता प्राप्त मदरसे के शौचालय से करीब 40 नाबालिग बच्चियां बरामद की गई जिनकी उम्र 9 से 14 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

जांच के दौरान सामने आया मामला
आपको बता दें जिला प्रशासन और पुलिस बल को एक गुप्त सूचना मिली थी जिसके आधार पर छापेमारी की गई। शुरुआती जांच के दौरान जब टीम ने भवन की ऊपरी मंजिल पर पहुंचकर शौचालय का दरवाजा खुलवाया तो एक के बाद एक बच्चियां बाहर निकलती गईं। ये सभी बच्चियां डरी और सहमी हुई थीं और पूछे जाने पर स्पष्ट जानकारी देने में असमर्थ रहीं।

मदरसे को तत्काल किया गया बंद
प्रशासन ने मदरसे की गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहम्मद खालिद के अनुसार यह मदरसा बिना किसी वैध अनुमति के संचालित हो रहा था। कागजातों की जांच की जा रही है और मदरसे को बंद करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

संचालकों की सफाई और अधिकारियों की प्रतिक्रिया
मदरसे की शिक्षिका तकसीम फातिमा ने पूछताछ के दौरान बताया कि निरीक्षण की सूचना से घबराकर बच्चियां खुद ही शौचालय में छिप गई थीं। वहीं एसडीएम अश्विनी कुमार पांडे ने स्पष्ट किया कि मदरसे के स्टाफ ने टीम को इमारत के ऊपरी हिस्से में जाने से रोकने की कोशिश की थी जिससे संदेह और गहराया।

अब तक नहीं हुई FIR दर्ज
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रामानंद प्रसाद कुशवाहा ने जानकारी दी कि अभी तक किसी अभिभावक या अधिकारी द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए कोई तहरीर नहीं दी गई है। यदि कोई शिकायत मिलती है तो पुलिस कानूनी कार्रवाई करने के लिए तैयार है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच के बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *