प्रधानमंत्री मोदी ने मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा के स्थापना दिवस पर दी बधाई

Vin News Network
Vin News Network
3 Min Read
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा के स्थापना दिवस पर लोगों को शुभकामनाएं दी और उनके सांस्कृतिक और विकास प्रयासों की सराहना की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा के स्थापना दिवस के अवसर पर इन राज्यों के लोगों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला, मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा को पत्र भेजकर पूर्वोत्तर की सांस्कृतिक विरासत, विकास की यात्रा और वहां के नागरिकों की समर्पण भावना की सराहना की। संबंधित नेताओं ने इन पत्रों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा कर प्रधानमंत्री का आभार जताया।


मेघालय की सांस्कृतिक विरासत और महिला सशक्तिकरण

प्रधानमंत्री मोदी ने मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा को भेजे पत्र में राज्यवासियों को बधाई देते हुए कहा कि मेघालय अपनी प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के लिए जाना जाता है। खासी, गारो और जैंतिया समुदायों की परंपराएं राज्य को विशिष्ट पहचान देती हैं। उन्होंने कहा कि मेघालय के लोग प्रकृति के प्रति गहरी श्रद्धा रखते हैं और महिलाओं को सशक्त बनाने के उनके प्रयास प्रेरणादायक हैं।

प्रधानमंत्री ने अपनी 2016 की शिलांग यात्रा का भी उल्लेख किया, जब वे नॉर्थ ईस्टर्न काउंसिल की बैठक में शामिल हुए थे। उन्होंने स्वर्गीय पीए संगमा की 10वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके नेतृत्व में राज्य के विकास की सराहना की।


त्रिपुरा के विकास और निवेश की प्रशंसा

प्रधानमंत्री मोदी ने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा को पत्र लिखकर राज्यवासियों को स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ऊर्जावान लोगों का राज्य है।

प्रधानमंत्री ने अपनी 2025 की त्रिपुरा यात्रा को याद करते हुए नवरात्रि के दौरान माता त्रिपुर सुंदरी मंदिर में पूजा-अर्चना और मंदिर के विकास कार्यों की समीक्षा का जिक्र किया। उन्होंने राज्य में हुए सुधारों और निवेश में वृद्धि को सराहा और कहा कि इसके चलते युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं।


मणिपुर की कला, खेल और वीरता को नमन

प्रधानमंत्री मोदी ने मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला को पत्र लिखकर राज्यवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने राज्य की सांस्कृतिक विरासत, कला और खेलों में योगदान की सराहना की।

उन्होंने मणिपुर के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को याद करते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वारा तिरंगा फहराने की ऐतिहासिक घटना का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि मणिपुर के वीरों की कुर्बानियां हमेशा देश के इतिहास में याद रखी जाएंगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *