प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (28 अप्रैल) को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने देश को दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात भी दी। इन ट्रेनों में एक बनारस से पुणे (हडपसर) और दूसरी अयोध्या से मुंबई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) के बीच चलेगी।
इन नई ट्रेनों से उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे यात्रा और कनेक्टिविटी पहले से अधिक आसान और तेज हो जाएगी।
बनारस से पुणे के बीच चलने वाली ट्रेन प्रयागराज, फतेहपुर, कानपुर (गोविंदपुरी), झांसी, बीना, इटारसी, जलगांव और अहिल्यानगर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजर सकती है। हालांकि इसका पूरा और अंतिम रूट और टाइमिंग अभी आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं किया गया है।
वाराणसी कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने 6330 करोड़ रुपये की 163 परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की प्राथमिकता हमेशा महिला कल्याण रही है। उन्होंने बताया कि 2014 के बाद देश में 12 करोड़ से अधिक शौचालय, 30 करोड़ बैंक खाते, 2.5 करोड़ बिजली कनेक्शन और 12 करोड़ से अधिक घरों में नल से जल पहुंचाया गया है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने महिला आरक्षण बिल का जिक्र करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा।