वाराणसी। राज इंग्लिश स्कूल और राज स्पोर्ट्स एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में बच्चों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने हेतु चिल्ड्रेन प्रीमियम लीग (CPL) का आयोजन किया जा रहा है। 12 वर्ष आयु वर्ग के क्रिकेटरों के लिए उत्तर प्रदेश में आयोजित होने वाली यह पहली लीग आईपीएल के पैटर्न पर आधारित होगी। लीग की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को रामकटोरा स्थित होटल द श्याम (एस वी ग्रांड) में प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई।
आयोजकों ने बताया कि लीग में कुल 8 टीमों का गठन किया गया है, जिनमें खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के माध्यम से किया गया है। चयनित खिलाड़ी लीग मैचों के बाद सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में हिस्सा लेकर अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। लीग का ओपनिंग मैच भव्य सेरेमनी के बाद शुरू होगा।
टूर्नामेंट में प्रत्येक मैच में प्लेयर ऑफ द मैच, तथा पूरे टूर्नामेंट में प्लेयर ऑफ द सीरीज, बेस्ट बॉलर और बेस्ट बैटर के पुरस्कार दिए जाएंगे। सभी टीमों का नाम देश के महान महापुरुषों के नाम पर रखा गया है | नेताजी सुभाष चंद्र बोस, स्वामी विवेकानंद, चंद्रशेखर आज़ाद, डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम, मदर टेरेसा, सरदार वल्लभभाई पटेल, गौतम बुद्ध और शहीद भगत सिंह।
प्रेस वार्ता में मौजूद अतिथियों में सीपीएल संरक्षक एवं संपादक स्नेह रंजन, समाजसेवी व वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अरविंद सिंह, सीपीएल अध्यक्ष रत्नेश दुबे, महासचिव मनोज श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष मुक्ता श्रीवास्तव, सुजात हुसैन, एस वी ग्रांड होटल के ओनर रजत द्विवेदी, क्रीड़ा भारती के प्रांतीय अध्यक्ष पंकज श्रीवास्तव, टीम मालिक सीमांत सिंह, प्रवीण श्रीवास्तव, मनोज शर्मा, प्रकाश श्रीवास्तव, ज्योति सोनी, कोच शौज़ब हुसैन, पंकज यादव, अमित कुमार ज्योति तथा पैनल अंपायर हेड आर. पी. गुप्ता शामिल रहे।
सभी ने इस लीग को बच्चों की क्रिकेट प्रतिभा निखारने और उन्हें बड़े प्लेटफॉर्म की तैयारी कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। सभी मैच राज इंग्लिश स्कूल, पहाड़िया के ग्राउंड में खेले जाएंगे।