दिल्ली में भाजपा सरकार के एक साल पूरे होने के अवसर पर रामलीला मैदान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सत्ता उनके लिए भोग का साधन नहीं, बल्कि जनता की सेवा का माध्यम है।
सीएम ने 8 फरवरी 2025 को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इस दिन दिल्ली की जनता ने भाजपा को स्पष्ट जनादेश दिया और 27 साल बाद राजधानी में पार्टी की सरकार बनी। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान संघर्षों और आंदोलनों का साक्षी रहा है और यहीं से जनता की उम्मीदों को नई दिशा मिली।
रेखा गुप्ता ने बताया कि सरकार बनने के पहले दिन से ही सभी विधायक जनता की समस्याओं के समाधान में जुटे हुए हैं। लंबित योजनाओं को गति देना और बुनियादी सुविधाओं में सुधार सरकार की प्राथमिकता रही है।
उन्होंने पर्यावरण सुधार की दिशा में उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि 500 नई ई-बसें जनता को समर्पित की गई हैं और 2028 तक 14,000 इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतारने का लक्ष्य है। इससे प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही दिल्ली मेट्रो के विस्तार के लिए 5,000 करोड़ रुपये का बजट तय किए जाने की जानकारी भी दी गई। सीएम ने कहा कि बेहतर परिवहन व्यवस्था राजधानी के विकास की रीढ़ है।