बीजिंग: ड्रैगन भले ही भारत के खिलाफ बांग्लादेश का इस्तेमाल कर रहा हो, लेकिन उस पर भरोसा बिल्कुल नहीं है। ताजा मामला बांग्लादेश में चीनी दूतावास की उस एडवाइजरी से जुड़ा है, जिसमें उसने अपने नागरिकों को विदेशी खासकर बांग्लादेशी महिलाओं से विवाह नहीं करने की चेतावनी दी है। रविवार को जारी एडवाइजरी में चीनी दूतावास ने कहा, चीनी लोग विदेशी पत्नी खरीदने की गलत सोच को पूरी तरह छोड़ दें।
चीनी नागरिकों को शॉर्ट वीडियो देखकर अवैध मैचमेकिंग एजेंसियों से बचने और शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म पर सीमा पार डेटिंग सामग्री से सावधान रहने की सलाह दी है। बांग्लादेश के अलावा, वियतनाम और लाओस जैसे देश भी लंबे समय से विदेशी दुल्हनों के स्रोत रहे हैं। कुछ एजेंसियों को संभावित ग्राहकों को धोखा देने के लिए जाना जाता है, दुल्हन दिए बिना उनके पैसे हड़प लेते हैं।
चीन में तीन करोड़ लेफ्टओवर मैन
जीवनसाथी नहीं मिल पाने के कारण चीन में करीब तीन करोड़ पुरुषों को अक्सर लेफ्टओवर मैन (बचे हुए पुरुष ) कहा जाता है। इसी कारण यहां विदेशी पत्नियों की मांग बढ़ी है। रिपोटों के अनुसार, इसी का फायदा उठाकर बांग्लादेश जैसे देशों से महिलाओं की तस्करी हुई हैं, जिन्हें शादी, आकर्षक नौकरी या शिक्षा के अवसरों जैसे झूठे बहाने से बहकाया जाता है और फिर उन्हें चीनी नागरिकों के साथ विवाह करने के लिए मजबूर किया जाता है।