Lucknow : होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर समरीन की मौत, मां का आरोप- बेटी को फेंका गया, प्रेमी की तलाश में जुटी पुलिस

Vin News Network
Vin News Network
5 Min Read
लखनऊ के होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर युवती की मौत

विन न्यूज़ नेटवर्क। राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में सोमवार शाम एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। ओमेक्स न्यू हजरतगंज परिसर स्थित होटल सेलेस्टियल मैन्योर की दसवीं मंजिल से गिरकर 24 वर्षीय समरीन की जान चली गई। घटना के बाद उसके साथ होटल में मौजूद युवक अवनीश जायसवाल के फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवती ने खुद छलांग लगाई या घटना के पीछे कोई साजिश थी।

सुबह घर से निकली, प्रेमी के साथ होटल पहुंची

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, समरीन सोमवार सुबह करीब 11 बजे अपनी बहन हबीबा के लिए कपड़े लेने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद वह सुबह 11 बजकर 46 मिनट पर अवनीश जायसवाल के साथ होटल पहुंची। दोनों ने होटल के कमरा नंबर 1037 में चेक-इन किया था। बताया जा रहा है कि दोनों करीब छह घंटे तक कमरे में रहे। शाम लगभग छह बजे समरीन दसवीं मंजिल से नीचे गिर गई। इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद युवक के फरार होने की जानकारी

घटना के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवती के नीचे गिरने के बाद अवनीश होटल से निकल गया और पार्किंग में खड़ी अपनी बाइक लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई। पुलिस ने जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मां ने लगाए गंभीर आरोप, पीएम मोदी से मांगा इंसाफ

समरीन की मां ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि युवक ने अपनी पहचान छिपाई थी और उनकी बेटी को बहाने से अपने साथ ले गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को दसवीं मंजिल से फेंका गया। परिवार की ओर से युवक के हाथ में कलावा बंधा होने और होटल में दूसरा नाम दर्ज कराने की बात भी कही गई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। समरीन की मां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से न्याय की गुहार लगाई है।

शादीशुदा थी समरीन, पति से चल रहा था तलाक का मामला

परिजनों के मुताबिक, समरीन लखनऊ की रहने वाली थी और एक होटल में काम करती थी। करीब छह साल पहले उसका निकाह हुआ था और उसका एक बच्चा भी था, जिसकी छह महीने की उम्र में मौत हो गई थी। इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया और दोनों अलग रहने लगे। समरीन का तलाक का मामला अदालत में चल रहा था। सोमवार को इस मामले में उसकी पेशी भी थी, लेकिन वह अदालत नहीं पहुंची।

समरीन पांच बहनों और दो भाइयों में तीसरे नंबर पर थी। उसके पिता का निधन करीब सात साल पहले मुंबई में हो गया था। परिवार के सदस्यों का कहना है कि समरीन की जिंदगी पहले से ही कई मुश्किलों से गुजर रही थी। उसके मौसा मोहम्मद शकील ने भी आरोप लगाया कि युवक कई महीनों से उसके पीछे पड़ा था और उसे बहाने से होटल लेकर गया था। इन दावों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

डीसीपी साउथ मोहम्मद मुश्ताक के मुताबिक, होटल में ठहरे युवक और युवती के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि समरीन की मौत आत्महत्या थी या उसे किसी साजिश के तहत नीचे गिराया गया। जांच के तहत होटल के सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल घटना की असल वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *