विन न्यूज़ नेटवर्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात के वडोदरा पहुंचे, जहां उन्होंने गुजरात और मध्य प्रदेश से जुड़ी कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान पीएम मोदी ने करीब 6 हजार युवाओं की मौजूदगी में Gen-Z से संवाद किया।
अपने संबोधन में उन्होंने विकास, रोजगार, मैन्युफैक्चरिंग और रेलवे के साथ-साथ विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा। खास तौर पर डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने पुरानी सरकारों की कार्यशैली पर सवाल उठाए और विपक्ष पर तंज कसते हुए उसे ‘फूफा जी’ तक कह दिया।
‘नौजवान सुन लीजिए…’ PM मोदी ने Gen-Z को क्या बताया?
प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वह विकसित भारत की यात्रा को गति देने के लिए वडोदरा आए हैं। उन्होंने विकास पर्व के दौरान युवाओं और लोगों की ओर से किए गए स्वच्छता कार्यों की भी सराहना की।
पीएम मोदी ने कहा कि देश में काम करने की संस्कृति बीते 12 वर्षों में बदली है। उन्होंने युवाओं से कहा कि आज देश में ऐसी परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है, जिनका विचार कई दशक पहले शुरू हुआ था लेकिन लंबे समय तक वे फाइलों में अटकी रहीं।
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर विपक्ष को घेरा
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का उदाहरण देते हुए पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर 2004 में विचार शुरू हुआ था और 2006 में काम के लिए विशेष कंपनी बनाई गई, लेकिन 2014 तक फाइलें एक जगह से दूसरी जगह घूमती रहीं।
पीएम मोदी ने युवाओं से कहा कि 2014 से पहले कई वर्षों तक एक किलोमीटर फ्रेट कॉरिडोर पर भी काम नहीं हो पाया था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर इसी रफ्तार से देश चलता तो आने वाली कई पीढ़ियों तक यह काम पूरा नहीं हो पाता।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद उनकी सरकार ने इस परियोजना को गति देने का काम शुरू किया।
विपक्ष को कहा ‘नाराज फूफा जी’
पीएम मोदी के भाषण में विपक्ष पर किया गया एक तंज खास तौर पर चर्चा में रहा। उन्होंने कहा कि कुछ ‘नाराज फूफा जी’ अब सवाल करेंगे कि ट्रक वालों का क्या होगा और ट्रक कहां जाएंगे।
प्रधानमंत्री ने इसके जवाब में कहा कि अब ‘फूफा जी’ को काम मिल गया है। उनका कहना था कि फ्रेट कॉरिडोर के जरिए देश के एक कोने से दूसरे कोने तक बड़ी मात्रा में सामान तेजी से पहुंचाया जा सकेगा।
इस बयान के जरिए पीएम मोदी ने विपक्ष के उन सवालों पर निशाना साधा, जो फ्रेट कॉरिडोर और माल परिवहन से जुड़े बदलावों को लेकर उठाए जाते रहे हैं।
2800 किलोमीटर से ज्यादा फ्रेट कॉरिडोर पूरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वडोदरा से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की आखिरी कड़ियां भी जुड़ गई हैं। उन्होंने बताया कि अब 2800 किलोमीटर से अधिक लंबा डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर प्रोजेक्ट पूरा हो गया है।
पीएम मोदी ने इसे 21वीं सदी के भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पिछले 12 वर्षों में देश की बदली हुई कार्य संस्कृति की गवाह है।
रेलवे और मैन्युफैक्चरिंग पर भी जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद भारत में 50 हजार आधुनिक रेल कोच बनाए गए हैं। उन्होंने रेलवे के विस्तार और नई ट्रेनों के संचालन का भी जिक्र किया।
इसके साथ ही पीएम मोदी ने मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को विकसित भारत की यात्रा की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल और उद्योग के बीच बेहतर तालमेल बनाने में वडोदरा की अहम भूमिका रही है।
पीएम मोदी ने वडोदरा में बन रहे भारत के ‘मेड इन इंडिया’ C-295 मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट का भी उल्लेख किया और इसे शहर के लिए गौरव की बात बताया।
राहुल गांधी पर बिना नाम लिए हमला
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी बिना नाम लिए निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झूठ की गूंज से लोगों को भ्रमित करने वाले हर चौराहे पर मिल जाएंगे, लेकिन भारत का नौजवान सच की हुंकार के साथ चलता है।
पीएम मोदी ने युवाओं से कहा कि सरकार देश के अलग-अलग सेक्टर पर फोकस के साथ काम कर रही है। उन्होंने भविष्य में इलेक्ट्रिक इकोसिस्टम की बढ़ती भूमिका का भी जिक्र किया।
2027 से पहले युवाओं पर PM मोदी का फोकस?
वडोदरा में प्रधानमंत्री का Gen-Z के साथ संवाद ऐसे समय में हुआ है, जब देश में युवा मतदाताओं की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण हो रही है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में विकास, टेक्नोलॉजी, मैन्युफैक्चरिंग, रेलवे और इलेक्ट्रिक इकोसिस्टम जैसे मुद्दों को युवाओं के सामने रखा।
अब सवाल यह है कि क्या सरकार की विकास परियोजनाओं को युवाओं से जोड़कर पेश करने की यह रणनीति आने वाले चुनावों में बड़ा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश है? फिलहाल वडोदरा से पीएम मोदी ने युवाओं को विकास और बदलती कार्य संस्कृति का संदेश दिया है, वहीं विपक्ष पर उनके ‘फूफा जी’ वाले तंज ने सियासी चर्चा को और गर्म कर दिया है।