2026 टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के प्रदर्शन में लगातार गिरावट देखने को मिली है। आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ लगातार पांच टी20 मुकाबलों में हार झेलने के बाद अब टीम इंडिया की 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में जगह को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लगातार दो टी20 सीरीज गंवाने से टीम की आईसीसी रैंकिंग पर असर पड़ सकता है, जो ओलंपिक क्वालिफिकेशन के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
दरअसल, 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में 128 साल बाद क्रिकेट की वापसी हो रही है। पुरुष और महिला वर्ग में केवल छह-छह टीमें हिस्सा लेंगी। आईसीसी के अनुसार अफ्रीका, एशिया, यूरोप और ओशिनिया से एक-एक टीम को प्रतिनिधित्व मिलेगा। यदि मेजबान अमेरिका आईसीसी रैंकिंग में शीर्ष-15 टीमों में शामिल रहता है तो उसे सीधे प्रवेश मिलेगा, जबकि अंतिम स्थान आईसीसी ओलंपिक क्वालीफायर के जरिए तय होगा।
भारतीय पुरुष टीम के लिए सबसे बड़ी चुनौती एशिया की नंबर-1 टीम बने रहने की है। 31 दिसंबर 2026 की आईसीसी रैंकिंग के आधार पर यह तय होगा कि एशिया से कौन-सी टीम सीधे ओलंपिक का टिकट हासिल करेगी। ऐसे में लगातार हार भारत की रैंकिंग को नुकसान पहुंचा सकती है और यदि कोई दूसरी एशियाई टीम आगे निकलती है तो टीम इंडिया का सीधा क्वालिफिकेशन खतरे में पड़ सकता है।
वहीं, भारतीय महिला टीम के लिए राहत की खबर है। महिला टीम 2026 महिला टी20 वर्ल्ड कप के प्रदर्शन के आधार पर एशिया की शीर्ष टीम के रूप में पहले ही 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए क्वालिफाई कर चुकी है। उनके साथ दक्षिण अफ्रीका, ग्रेट ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया ने भी अपनी जगह पक्की कर ली है।
अब सभी की नजर भारतीय पुरुष टीम के आगामी मुकाबलों पर रहेगी। यदि टीम जल्द जीत की राह पर नहीं लौटती और आईसीसी रैंकिंग में अपनी स्थिति मजबूत नहीं करती, तो वर्ल्ड चैंपियन होने के बावजूद 2028 ओलंपिक में खेलने का सपना अधूरा रह सकता है। ऐसे में आने वाले महीने भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद अहम साबित होने वाले हैं।