आज के डिजिटल दौर में इंटरनेट पर सर्च करना हर किसी की ज़रूरत है, लेकिन समस्या तब होती है जब किसी प्रोडक्ट या सर्विस को एक बार सर्च करने के बाद वही विज्ञापन हर जगह पीछा नहीं छोड़ते। ज्यादातर बड़े सर्च इंजन – गूगल और बिंग – आपके सर्च, लोकेशन और ऑनलाइन एक्टिविटी को ट्रैक करते हैं और उसके आधार पर आपको Ads दिखाते हैं। यही कारण है कि अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि “एक बार सर्च क्या कर लिया, विज्ञापन पीछे ही पड़ गए।”
प्राइवेसी को लेकर बढ़ी चिंता
डिजिटल ट्रैकिंग और टारगेटेड एडवरटाइजिंग ने प्राइवेसी को लेकर चिंताओं को बढ़ा दिया है। बहुत से लोग अब ऐसे विकल्प तलाश रहे हैं जहां उनकी ऑनलाइन गतिविधि को रिकॉर्ड न किया जाए और उनकी सर्चिंग की जानकारी किसी एडवरटाइजिंग कंपनी तक न पहुंचे। इसी ज़रूरत को पूरा करने के लिए दुनिया के कुछ सर्च इंजन ऐसे बनाए गए हैं जो यूजर की प्राइवेसी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं।
DuckDuckGo: प्राइवेसी सिंप्लिफाइड
DuckDuckGo उन सबसे लोकप्रिय प्राइवेसी-केंद्रित सर्च इंजनों में से एक है। इसका स्लोगन है – “Privacy, Simplified.” यह न तो आपकी पर्सनल जानकारी स्टोर करता है और न ही आपकी सर्च क्वेरी को ट्रैक करता है। इसमें ट्रैकर प्रोटेक्शन फीचर है, जो थर्ड पार्टी ट्रैकिंग को ब्लॉक करता है। मोबाइल ऐप्स और ब्राउज़र एक्सटेंशन में भी यह फीचर मौजूद है। DuckDuckGo उन लोगों के लिए बेहतर विकल्प है जो बिना Ads का पीछा किए सर्च करना चाहते हैं।
Swisscows: नो-ट्रैकिंग इंजन
स्विट्जरलैंड आधारित सर्च इंजन Swisscows खुद को “नो-ट्रैकिंग इंजन” कहता है। यह अपना खुद का सर्च इंडेक्स इस्तेमाल करता है। क्वालिटी रिजल्ट के लिए Brave के साथ सहयोग करता है। इसमें Ads तो दिखाई देते हैं लेकिन यह बिंग से आने वाले विज्ञापनों पर निर्भर करता है। कंपनी का दावा है कि किसी भी एड पार्टनर के साथ यूजर का डेटा शेयर नहीं किया जाता। यानी, यहां Ads तो दिखेंगे लेकिन आपका पर्सनल डेटा सुरक्षित रहेगा।
Brave Search: AI Answers और ज्यादा प्राइवेसी
Brave ब्राउज़र की तरह इसका Brave Search भी प्राइवेसी पर फोकस करता है। यह खुद का वेब इंडेक्स इस्तेमाल करता है, यानी गूगल या बिंग पर निर्भर नहीं रहता। इसमें “Privacy Preserving Web Discovery Project” का ऑप्शन है, जिससे यूजर्स चाहें तो डेटा शेयर कर इंडेक्स बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं। AI Answers फीचर इसमें सबसे खास है। यूजर सर्च क्वेरी के साथ स्टार आइकन दबाकर AI से सीधे डिटेल जानकारी प्राप्त कर सकता है। Brave Search को किसी भी ब्राउज़र में इस्तेमाल किया जा सकता है। यह उन लोगों के लिए बेहतर है जो प्राइवेसी के साथ-साथ AI-आधारित जानकारी चाहते हैं।
Startpage: Anonymous View की खास सुविधा
Startpage को “दुनिया का सबसे प्राइवेट सर्च इंजन” कहा जाता है। यह Google के रिजल्ट्स दिखाता है लेकिन पर्सनल डेटा शेयर किए बिना। इसकी सबसे बड़ी खासियत है Anonymous View, जिसके जरिए आप वेबसाइट्स को गुमनाम रूप से देख सकते हैं। कंपनी का कहना है कि यूजर की सर्च हिस्ट्री कभी सेव नहीं होती और न ही बेची जाती है। इसके सर्वर से यूजर का IP एड्रेस हटा दिया जाता है ताकि ट्रैकिंग नामुमकिन हो सके। Startpage उन लोगों के लिए है जो गूगल के रिजल्ट्स चाहते हैं लेकिन ट्रैकिंग नहीं।
क्यों ज़रूरी हैं ये विकल्प?
भारत सहित पूरी दुनिया में लोग इंटरनेट पर हर सेकंड कुछ नया खोज रहे हैं। ऐसे में गूगल और बिंग जैसे सर्च इंजन पर निर्भर रहना मजबूरी है। लेकिन बार-बार Ads देखकर और पर्सनल डेटा बेचने की खबरों से लोग परेशान हो जाते हैं। यही वजह है कि DuckDuckGo, Swisscows, Brave और Startpage जैसे सर्च इंजन धीरे-धीरे लोकप्रिय हो रहे हैं।
इनके जरिए यूजर्स को मिलता है:
- बेहतर प्राइवेसी
- कम से कम या बिल्कुल भी डेटा ट्रैकिंग नहीं
- Ads से बचाव
- रिसर्च और क्वेरी पर ज्यादा भरोसेमंद रिजल्ट
डिजिटल दुनिया में Ads से पीछा छुड़ाना आसान नहीं है, लेकिन अब प्राइवेसी-फ्रेंडली सर्च इंजनों की मदद से लोग अपने ऑनलाइन एक्सपीरियंस को ज्यादा सुरक्षित बना सकते हैं। सवाल बस इतना है कि क्या हम अपनी डिजिटल आज़ादी को बचाने के लिए गूगल-बिंग जैसी दिग्गज कंपनियों से हटकर इन विकल्पों की ओर बढ़ेंगे?