एशियन गेम्स में भारत का धमाका, श्रीलंका को 147 रन से हराकर जीता गोल्ड

Vin News Network
Vin News Network
3 Min Read
मंधाना के तूफान से चमका भारत, महिला टीम ने एशियन गेम्स में रचा इतिहास

विन न्यूज़ नेटवर्क। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 147 रनों के बड़े अंतर से शिकस्त दी।

भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 216 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 15.4 ओवर में महज 69 रन पर सिमट गई।

इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स में अपना पहला गोल्ड मेडल हासिल किया। फाइनल में भारत का प्रदर्शन बल्ले और गेंद दोनों से दमदार रहा। इससे पहले पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया था, जबकि श्रीलंका को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

मंधाना ने बल्ले से मचाई तबाही

फाइनल में टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 99 रन जोड़ दिए। मंधाना ने शुरुआत से ही श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। उन्होंने महज 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

मंधाना ने 45 गेंदों पर 79 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। शेफाली वर्मा भी 48 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाकर आउट हुईं। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 19 रन का योगदान दिया।

इसके बाद ऋचा घोष ने मोर्चा संभाला और आखिरी ओवरों में तेजी से रन बटोरे। ऋचा ने सिर्फ 22 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाए। भारती के साथ उनकी 53 रनों की साझेदारी ने भारत को 200 रन के पार पहुंचाया। भारतीय टीम ने 216 रन बनाए, जो महिला एशियन गेम्स के इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर रहा।

69 रन पर ढेर हुई श्रीलंका की टीम

217 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। इमेशा दुलानी सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि हसिनी परेरा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं। कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने 29 रन बनाकर कुछ देर पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन दूसरी ओर से उन्हें पर्याप्त साथ नहीं मिला।

कविशा दिलहारी ने 11 रन बनाए, जबकि बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट चटकाए। श्री चरनी और श्रेयांका पाटिल ने भी दो-दो विकेट लेकर श्रीलंका की पारी समेटने में अहम भूमिका निभाई।

147 रन की इस जीत के साथ भारत ने न सिर्फ एशियन गेम्स का गोल्ड जीता, बल्कि टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रनों के लिहाज से अपनी सबसे बड़ी जीत भी दर्ज की।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *