विन न्यूज़ नेटवर्क। अकाउंटिंग, टैक्सेशन और फाइनेंस के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (ICAI) ने Corporate Mitra Program के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार 31 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
यह कार्यक्रम विशेष रूप से देश के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र के लिए प्रशिक्षित पैरा-प्रोफेशनल तैयार करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। चयनित उम्मीदवारों को अकाउंटिंग, टैक्सेशन, फाइनेंशियल मैनेजमेंट और अनुपालन संबंधी कार्यों में दक्ष बनाया जाएगा।
केंद्रीय बजट की घोषणा से जुड़ी पहल
कॉर्पोरेट मित्र प्रोग्राम की घोषणा केंद्रीय बजट में की गई थी। इसके तहत सरकार ने ICAI, ICSI और ICMAI को मिलकर MSME सेक्टर के लिए प्रशिक्षित पेशेवर तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी थी। ICAI ने इस कार्यक्रम को IIT मद्रास के सहयोग से SWAYAM Plus प्लेटफॉर्म पर शुरू किया है।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस कार्यक्रम में भारत का कोई भी नागरिक आवेदन कर सकता है, जिसने किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री प्राप्त की हो। ग्रेजुएशन के अंतिम वर्ष में पढ़ रहे छात्र भी आवेदन के पात्र हैं, लेकिन उन्हें प्रमाणपत्र तभी मिलेगा जब वे अपनी डिग्री सफलतापूर्वक पूरी कर लेंगे।
योग्यता
- शैक्षणिक योग्यता- ग्रेजुएशन या अंतिम वर्ष के छात्र
- आयु सीमा- 20 से 30 वर्ष
- कोर्स फीस- ₹3,000 + 18% GST
- प्लेटफॉर्म- SWAYAM Plus
150 घंटे की पढ़ाई और 6 महीने की ट्रेनिंग
यह कोर्स IITM Pravartak के माध्यम से संचालित किया जाएगा। इसमें कुल 150 घंटे का अकादमिक प्रशिक्षण शामिल होगा। कार्यक्रम को NCRF Level 5.5 के अंतर्गत क्रेडिट योग्य बनाया गया है। कोर्स पूरा करने के बाद उम्मीदवारों को 6 महीने की ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग करनी होगी। इसके बाद अंतिम मूल्यांकन और प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा।
कोर्स में क्या सिखाया जाएगा?
- कॉर्पोरेट मित्र प्रोग्राम को छह प्रमुख मॉड्यूल में विभाजित किया गया है:
- अकाउंटिंग
- जर्नल, लेजर, बैलेंस शीट, कैश फ्लो
- टैक्सेशन
- इनकम टैक्स, GST, TDS, रिटर्न फाइलिंग
बैंकिंग
- MSME क्रेडिट, डिजिटल बैंकिंग, फिनटेक
- फाइनेंशियल मैनेजमेंट
- वर्किंग कैपिटल और वित्तीय विश्लेषण
- लीगल एंड सेक्रेटेरियल
- कंपनी कानून, MSME रजिस्ट्रेशन, लेबर कोड
- कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटिंग
- कास्टिंग, बजटरी कंट्रोल, स्टैंडर्ड कॉस्टिंग
डिजिटल टूल्स पर भी फोकस
अकाउंटिंग मॉड्यूल में उम्मीदवारों को MS Excel और Tally जैसे डिजिटल टूल्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे MSME संस्थानों की वास्तविक जरूरतों को समझ सकें।
कैसे होगा मूल्यांकन?
कोर्स और ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उम्मीदवारों की सेंटर आधारित MCQ परीक्षा के माध्यम से परीक्षा ली जाएगी। यह परीक्षा ICAI, ICSI और ICMAI संयुक्त रूप से आयोजित करेंगे।
सफल उम्मीदवारों को SWAYAM Plus का सत्यापित प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। जो उम्मीदवार परीक्षा में सफल नहीं हो पाएंगे, उन्हें दोबारा पूरा कार्यक्रम करना होगा और नई फीस जमा करनी होगी। एक ही मूल्यांकन में पुनः परीक्षा देने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
युवाओं के लिए क्यों महत्वपूर्ण है यह कोर्स?
विशेषज्ञों के अनुसार भारत में MSME सेक्टर तेजी से बढ़ रहा है और इस क्षेत्र में प्रशिक्षित अकाउंटिंग एवं टैक्सेशन प्रोफेशनल्स की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में Corporate Mitra Program युवाओं को रोजगार और व्यावसायिक कौशल दोनों उपलब्ध कराने में मदद कर सकता है।