Gen Z की जीत’ या लोकतंत्र की ताकत? धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बॉलीवुड सितारों की आई प्रतिक्रियाओं की बाढ़

Vin News Network
Vin News Network
5 Min Read
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बॉलीवुड का रिएक्शन

विन न्यूज़ नेटवर्क। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री में भी इस मुद्दे को लेकर प्रतिक्रियाओं का सिलसिला तेज हो गया है। सोशल मीडिया पर कई बॉलीवुड सितारों ने अपनी राय साझा की और छात्रों के आंदोलन, लोकतंत्र तथा शिक्षा सुधार जैसे मुद्दों पर खुलकर बात की। किसी ने इसे युवाओं की जीत बताया तो किसी ने अहिंसक आंदोलन की ताकत को सलाम किया।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद एक्स (पूर्व ट्विटर) और इंस्टाग्राम पर कई चर्चित कलाकारों ने पोस्ट साझा किए, जिनकी सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा हो रही है।

प्रकाश राज बोले- युवाओं ने अपनी ताकत साबित कर दी

अभिनेता प्रकाश राज ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए आंदोलन से जुड़े युवाओं और समर्थकों को बधाई दी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि छात्रों और उनके समर्थन में खड़े लोगों ने यह साबित कर दिया कि लोकतांत्रिक तरीके से उठाई गई आवाज बदलाव ला सकती है।

प्रकाश राज ने आंदोलन में शामिल लोगों और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का भी जिक्र करते हुए इसे युवाओं की बड़ी उपलब्धि बताया।

प्रियंका चोपड़ा ने आंदोलन का किया जिक्र

अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने भी इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने अपने पोस्ट में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और छात्रों के लंबे आंदोलन का उल्लेख करते हुए इसे एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम बताया।

प्रियंका ने अपने संदेश में छात्र आंदोलन और सोनम वांगचुक के अनशन का जिक्र करते हुए लिखा कि लंबे संघर्ष के बाद यह परिणाम सामने आया है। उनके पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स की भी बड़ी संख्या में प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।

संभावना सेठ ने लिखा- हर संघर्ष आखिर रंग लाता है

अभिनेत्री संभावना सेठ ने इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए आंदोलन के दौरान छात्रों के संघर्ष का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि पिछले कई दिनों में लोगों ने आंसू, साहस, संघर्ष और धैर्य सब कुछ देखा, लेकिन इसके बावजूद आंदोलनकारी पीछे नहीं हटे।

उन्होंने युवाओं के हौसले की सराहना करते हुए कहा कि लगातार संघर्ष करने वालों की मेहनत आखिरकार रंग लाई और यह पल उनके लिए गर्व का है।

अदिति राव हैदरी ने दिया सकारात्मक संदेश

अदिति राव हैदरी ने भी सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि सही उद्देश्य के लिए लड़ी गई लड़ाई हमेशा मायने रखती है।

उन्होंने युवाओं को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि ईमानदारी, अहिंसा, जवाबदेही, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और आपसी सम्मान जैसे लोकतांत्रिक मूल्यों को आगे भी मजबूती मिलती रहे।

दीया मिर्जा और वाणी कपूर ने भी जताई खुशी

अभिनेत्री दीया मिर्जा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे युवाओं की बड़ी जीत बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से उठाई गई आवाज असर दिखा सकती है।

वहीं अभिनेत्री वाणी कपूर ने भी छात्रों की दृढ़ता की सराहना करते हुए लिखा कि जो छात्र लगातार सवाल पूछते रहे, उम्मीद बनाए रखी और अपने अधिकारों के लिए खड़े रहे, यह उपलब्धि उनके नाम है।

विजय वर्मा का तंज, समय रैना और अरमान मलिक का संदेश

अभिनेता विजय वर्मा ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर व्यंग्यात्मक अंदाज में सोशल मीडिया पोस्ट साझा किया, जिसने लोगों का ध्यान खींचा।

सिंगर अरमान मलिक ने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि यह “युवाओं की ताकत” का उदाहरण है। वहीं कॉमेडियन समय रैना ने छात्रों को अधिक अधिकार मिलने की बात कही।

दिव्येंदु शर्मा और सोनू सूद ने भी रखी अपनी बात

अभिनेता दिव्येंदु शर्मा ने अपने पोस्ट में लिखा कि आवाज उठाने से बदलाव संभव होता है और लोकतंत्र में लोगों की भागीदारी बेहद जरूरी है।

उधर अभिनेता सोनू सूद ने भी युवाओं को लेकर एक संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने नई पीढ़ी के आत्मविश्वास और सोच की सराहना की।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

बॉलीवुड सितारों की इन प्रतिक्रियाओं के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है। कुछ लोग इन बयानों का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स अलग राय भी रख रहे हैं। हालांकि, इतना तय है कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद यह मुद्दा केवल राजनीतिक नहीं रहा, बल्कि मनोरंजन जगत और आम लोगों के बीच भी चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है।

अब सभी की नजर इस बात पर है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों की मांगों को लेकर आगे सरकार क्या कदम उठाती है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *