पेरिस : सर्बिया के टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने एक बार फिर खुद को साबित करते हुए फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। 38 साल के जोकोविच ने क्वार्टर फाइनल में तीसरी सीड एलेक्जेंडर ज्वेरेव को 4-6, 6-3, 6-2, 6-4 से हराया। यह जोकोविच का 51वां ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल है, जो एक नया रिकॉर्ड है। साथ ही वे साल 1968 के बाद फ्रेंच ओपन सेमीफाइनल में पहुंचने वाले सबसे उम्रदराज पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। अब सेमीफाइनल में छठी सीड जोकोविच का सामना वर्ल्ड नंबर-1 जैनिक सिनर से होगा । सिनर अब तक टूर्नामेंट में एक भी सेट नहीं हारे हैं और 19 ग्रैंड स्लैम मैच लगातार जीत चुके हैं।
कुछ हफ्ते पहले तक जोकोविच का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक था। अप्रैल में वह तीन मैच लगातार हार चुके थे। लेकिन पेरिस की इस रात ने पुराने जोकोविच की याद दिला दी। पहला सेट हारने के बाद जोकोविच ने शानदार वापसी की और बाकी तीन सेट में ज्वेरेव को कोई मौका नहीं दिया। मैच के बाद उन्होंने कहा, ऐसी ही रातों के लिए मैं अब भी खेलता हूं। इस उम्र में इतना दौड़ना आसान नहीं है।