लखनऊ में डबल मर्डर और सुसाइड…पति ने पत्नी और बहन को गोली मारने के बाद खुद को किया शूट

Vin News Network
Vin News Network
5 Min Read
पति ने पत्नी और बहन को मारी गोली, फिर खुद दी जान

विन न्यूज़ नेटवर्क। राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को झकझोर दिया। SBI में फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्यरत मानस बाजपेई ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और बहन की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद भी जान दे दी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

बैंक के बाहर पत्नी को बुलाया, फिर मारी गोली

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार दोपहर मानस कार से अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा के कार्यस्थल ICICI बैंक पहुंचे। उन्होंने फोन कर दिव्या को बैंक के बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद मानस ने दिव्या को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। इस घटना से बैंक परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।

दिव्या मिश्रा की उम्र करीब 33 वर्ष बताई जा रही है और वह ICICI बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। बताया गया है कि उनकी शादी करीब 12 साल पहले मानस बाजपेई से हुई थी। दंपती की कोई संतान नहीं थी।

पत्नी से चल रहा था तलाक का मामला

बताया जा रहा है कि दिव्या और मानस के रिश्ते में पिछले कुछ समय से तनाव था। करीब एक साल पहले दिव्या ने पति से तलाक के लिए अदालत में अपील दायर की थी। इसके बाद वह आलमबाग में अलग रह रही थीं। वहीं मानस हुसड़िया चौराहे के पास अपनी बहन सीबा के साथ किराए के मकान में रहता था।

मानस बाजपेई SBI की इंजीनियरिंग कॉलेज शाखा में फील्ड ऑफिसर के तौर पर काम करता था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। उसकी बहन सीबा करीब 28-29 वर्ष की थी और पड़ोसियों के मुताबिक वह लंबे समय से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझ रही थी।

पत्नी की हत्या के बाद घर पहुंचा

पत्नी को गोली मारने के बाद मानस करीब दो किलोमीटर दूर अपने किराए के मकान पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उस समय वह काफी पसीने से भीगा हुआ था। घर के अंदर जाने के बाद उसने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। कुछ ही देर बाद अंदर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी।

इसके बाद पड़ोसियों को शक हुआ। जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने किसी तरह दरवाजा खोला। अंदर मानस और उसकी बहन सीबा मृत अवस्था में मिले। कमरे में टीवी चल रहा था और उस पर तेज आवाज में हनुमान चालीसा बज रही थी।

WhatsApp स्टेटस से मिली अहम जानकारी

पड़ोसी अंकुर प्रकाश के मुताबिक, मानस के WhatsApp स्टेटस को देखने के बाद वह उसके घर पहुंचे थे। स्टेटस में उसने अपनी पत्नी की हत्या और इसके बाद खुद तथा अपनी बहन को मारने की बात लिखी थी। पुलिस अब इस स्टेटस को भी जांच का अहम हिस्सा मानकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

स्टेटस में मानस ने पत्नी पर धोखा देने का आरोप भी लगाया था। साथ ही उसने पत्नी के परिवार से जुड़े कुछ लोगों के बारे में भी जानकारी होने की बात लिखी थी।

पड़ोसियों ने बताया- दोनों शांत स्वभाव के थे

पड़ोसी अंकुर प्रकाश ने बताया कि मानस और उसकी बहन सामान्य तौर पर शांत स्वभाव के थे। दोनों जब भी आसपास के लोगों से मिलते थे तो अच्छी तरह बातचीत करते थे। पड़ोसियों के अनुसार, सीबा की तबीयत पिछले कुछ महीनों से ज्यादा खराब चल रही थी।

पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही गोमतीनगर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस पत्नी की हत्या और घर में हुई दो मौतों को जोड़कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां तलाश रही है।

पुलिस अब बैंक परिसर, आसपास लगे CCTV कैमरों, मोबाइल फोन, WhatsApp स्टेटस और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पत्नी की हत्या के पीछे क्या वजह थी और घटना से पहले पति-पत्नी के बीच वास्तव में क्या हुआ था, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *