बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग की घटना के बाद आरोपियों के एनकाउंटर को लेकर दिशा पाटनी के पिता और सेवानिवृत्त डिप्टी एसपी जगदीश पाटनी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि जिस भरोसे की बात मुख्यमंत्री ने की थी उस पर वह पूरी तरह खरे उतरे हैं। जगदीश पाटनी ने कहा कि इतनी तेजी से कार्रवाई कर यूपी पुलिस ने यह साबित किया है कि राज्य अब अपराधियों के लिए सुरक्षित नहीं रहा।
बुधवार को उन्होंने एक वीडियो संदेश भी जारी किया जिसमें उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने खुद उनसे बात कर सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा का भरोसा दिलाया था जो अब ज़मीन पर दिख रहा है। उन्होंने यूपी पुलिस और मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई भयमुक्त समाज की दिशा में एक बड़ा कदम है।
एनकाउंटर में ढेर हुए दोनों आरोपी
ट्रॉनिका सिटी में बुधवार शाम यूपी एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो शूटरों रविंद्र (रोहतक) और अरुण (सोनीपत) को मुठभेड़ के दौरान मार गिराया गया। ये दोनों शूटर कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गैंग से जुड़े थे। उन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित था।मुठभेड़ के दौरान चार पुलिसकर्मी भी घायल हो गए जिनमें दिल्ली स्पेशल सेल और यूपी एसटीएफ के जवान शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अभी फरार हैं दो आरोपी
मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों नकुल (बागपत) और विजय की तलाश अभी जारी है। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक ग्लॉक पिस्टल, एक जिगाना पिस्टल और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए हैं। एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार 12 सितंबर को दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी गोल्डी बरार गिरोह ने ली थी जिसके बाद इस केस की गंभीरता को देखते हुए जांच एजेंसियों को लगाया गया और बुधवार को बड़ी सफलता हाथ लगी।