NEET पेपर लीक विवाद को लेकर देशभर में जारी बहस के बीच अब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने केंद्र सरकार से बड़ी मांग की है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक खुला पत्र लिखकर उन परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है, जिनके बच्चों ने कथित तौर पर परीक्षा से जुड़े तनाव और विवाद के बीच आत्महत्या की है।
अभिजीत दीपके का दावा है कि पिछले एक सप्ताह के दौरान 11 NEET अभ्यर्थियों ने आत्महत्या की, जिनमें से पांच मामलों की जानकारी पिछले 48 घंटों में सामने आई है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक विवाद ने लाखों छात्रों और उनके परिवारों को मानसिक तनाव और अनिश्चितता की स्थिति में डाल दिया है, जिससे परीक्षा प्रणाली पर भरोसा भी प्रभावित हुआ है।
अपने पत्र में दीपके ने केंद्र सरकार से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। उनका कहना है कि जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उन्हें आर्थिक और सामाजिक सहयोग मिलना चाहिए।

हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से इस मांग पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीं, आत्महत्या के इन मामलों का सीधे तौर पर NEET पेपर लीक विवाद से संबंध होने की भी स्वतंत्र और आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि NEET पेपर लीक मामला पहले से ही राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर छात्र, अभिभावक और कई संगठन लगातार सवाल उठा रहे हैं। ऐसे में आत्महत्या के मामलों को लेकर उठी नई मांग ने इस विवाद को और गंभीर बना दिया है।